पर्यावरण की स्वच्छता व संरक्षण के लिए पौधारोपण बेहद जरूरी: कृष्ण कुमार भडाना

-खोड़ा नगर पालिका में पौधा रोपण के साथ चलाया गया विशेष सफाई अभियान

गाजियाबाद। नगर पालिका परिषद खोड़ा-मकनपुर अधिशासी अधिकारी (ईओ) कृष्ण कुमार भडाना ने शनिवार को विश्व पर्यावरण दिवस पर परिसर में पौधारोपण कर लोगों से पर्यावरण संरक्षण का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पौधे न केवल पर्यावरण को शुद्ध करते है बल्कि हमे जीवनदायिनी स्वच्छ ऑक्सीजन भी देते है। जब तक इस धरती पर पौधों का अस्तित्व है तभी तक धरती पर जीवन है। इसलिए हमें पौधारोपण जरूर करना चाहिए। पर्यावरण की स्वच्छता व संरक्षण के लिए भी पौधारोपण बहुत जरूरी है। इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपना योगदान देना चाहिए। पौधारोपण करना हर व्यक्ति का सामाजिक दायित्व है। जीवन का आधार प्राकृतिक ऑक्सीजन पौधों और वृक्षों से प्राप्त होती है। पौधे-पेड़ ही प्रकृति का मानव के लिए उपहार है। उन्होने कहा वृहद स्तर पर पौधा रोपण अभियान नगर पालिका क्षेत्र में चलाया जाएगा। जिसके लिए सभी सभासदों से अपने-अपने क्षेत्र में रिक्त स्थान की सूची मांगी गई है। पर्यावरण प्रदूषण से धरती का तापमान लगातार बढ़ रहा है ,जिससे मानव जीवन, जीव-जंतुओं पर बुरा असर पड़ रहा है। हम सभी को अधिक से अधिक पेड़ लगाने चाहिए ताकि पर्यावरण की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। पौधे लगाने के बाद उनकी नियमित रूप से देखभाल करना भी जरूरी है। नगर पालिका परिषद खोड़ा-मकनपुर परिसर में पांच पौधे को लगाया और उसकी देखभाल का भी संकल्प लिया। ईओ ने बताया कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए क्षेत्र में कर्मचारियों द्वारा सुबह-शाम विशेष सफाई, सेनेटाइजेशन एवं फॉगिंग अभियान चलाया जा रहा है। कोरोना की रोकथाम के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। साफ-सफाई एवं सैनेटाइजेशन का काम गंभीरता से हो रहा है। इसके लिए विभाग की कई टीमें गठित की गई हैं। खोड़ा कॉलोनी में जहां जरूरत है, वहां साफ-सफाई और सैनेटाइजेशन पर ध्यान दिया गया है। इसके अच्छे परिणाम भी सामने आ रहे हैं। मास्क को घर से निकलते समय अवश्य लगाए। इस दौरान सफाई निरीक्षक संजीव कुमार, अवर अभियंता मदन पाल सिंह ने भी संयुक्त रूप से ईओ के साथ पौधे रोपित किए।