ओमिक्रॉन पर रोकथाम: विदेशों से आने वाले लोगों की कराएं थर्मल स्क्रीनिंग: डीएम

-नए वैरिएंट की रोकथाम के लिए डीएम-एसएसपी ने अधिकारियों को दिए निर्देश

गाजियाबाद। कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन की रोकथाम एवं बचाव के लिए जनपद में संयुक्त रूप से जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग युद्ध स्तर पर कार्रवाई के लिए जुट गया है। जिससे वायरस की रोकथाम की जा सकें। शुक्रवार को जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक लेते हुए कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा वेरिएंट ऑफ कंसर्न वर्गीकत किए गए कोविड-19 वायरस के नए वेरिएंट-बी.1.5.29 (ओमिक्रॉॅन) के दृष्टिगत विशेष सतर्कता बरतने के संबंध में निर्देश जारी किए हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा जारी निदेर्शों के क्रम में शासन द्वारा विशेष सतर्कता बरतने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने पूर्व की भांति नई दिल्ली स्थित अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आने वाली सभी अंतर्राष्ट्रीय विमानों से जनपद की ओर आने वाले यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग एवं अन्य सभी औपचारिकताएं पूर्ण कराने के लिए जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक पीएन दीक्षित को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि वह नई दिल्ली स्थित अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर समन्वय स्थापित कर स्क्रीनिंग सुनिश्चित कराएंगे और जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर से भी अंतर्राष्ट्रीय यात्रियों की सूची के लिए लगातार समन्वय बनाए रखेंगे। परियोजना निदेशक को जिले में आने वाले सभी यात्रियों की सूची और मोबाईल नंबर एवं पते सहित मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. भवतोष शखंधर को रोजाना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. भवतोष शंखधर को निर्देशित किया कि वह उपलब्ध कराई गई सूची को इंटीग्रेटेड कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के प्रभारी अधिकारी अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विवेक श्रीवास्तव को उपलब्ध कराएंगे। ताकि प्राप्त सूची से इंटीग्रेटेड कोविड कमाण्ड एण्ड कण्ट्रोल सेंटर में तैनात कर्मियों के माध्यम से संबंधित सभी अंतर्राष्ट्रीय यात्रियों के सातवें दिवस तक प्रतिदिन कॉल कराकर उनके स्वास्थ्य की स्थिति तथा कोविड के लक्षणों की स्थिति के विषय में जानकारी प्राप्त करते रहें। किसी भी अंतर्राष्ट्रीय यात्री अथवा उनके परिवार के सदस्यों में कोविड के लक्षणों के विषय में जानकारी प्राप्त होने पर आरआरटी भेजकर आरटी-पीसीआर जांच हेतु सैंपल एकत्र कर जिला एमएमजी अस्पताल की प्रयोगशाला को भेजे जाएंगे। कोविड-19 वायरस के नए वेरिएंट-बी.1.5.29 (ओमिक्रॉॅन) के दृष्टिगत विशेष सतर्कता बरतने के संबंध में जनपद के रेलवे स्टेशन एवं बस स्टेशन पर आने वाले यात्रियों की संैपलिंग की व्यवस्था एवं मेडिकल टीम की व्यवस्था के लिए एडीएम सिटी बिपिन कुमार और एसपी सिटी प्रथम को शहरी क्षेत्र और एडीएम प्रशासन ऋतु सुहास और एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा ग्रामीण क्षेत्र में आने वाले सभी रेलवे स्टेशन एवं बस स्टेशनों पर व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त महेंद्र सिंह एवं नगर पालिका परिषद, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी एवं एवं नगर पंचायतों को निर्देशित किया कि वह सार्वजनिक स्थानों पर कोविड प्रोटोकॉल, जैसे सामाजिक दूरी, मास्क पहनना एवं हाथों को सैनेटाइज करने आदि का कड़ाई से अनुपालन कराने के संबंध में होर्डिंग के माध्यम से प्रचार प्रसार कराए। बैठक में एसएसपी पवन कुमार, सीडीओ अस्मिता लाल, जीडीए ओएसडी गुंजा सिंह, एडीएम सिटी बिपिन कुमार, एसपी ट्रैफिक रामानंद कुशवाहा, अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधर, सीएमएस डॉ. संगीता गोयल, सीएमएस डॉ. संजय तेवतिया आदि अधिकारी उपस्थित रहे।