गाजियाबाद। नौजवानों में खेलों के प्रति उत्साह है, लेकिन खेल मैदान की कमी खल रही है। उन्हें खेलने के लिए अच्छे मैदान नहीं मिल रहे हैं। लेकिन अगर देश को अच्छे खिलाड़ी चाहिए तो उन्हे अच्छे खेल मैदान देने होगे। जहां खेलकर वह अपनी प्रतिभा दिखा सकें और देश का नाम रोशन कर सके। यह बातें बुधवार को सेठ मुकुंद लाल इंटर कॉलेज में विजेता खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रधानाचार्य केवी सिंह ने कहीं। उन्होंने कहा खेल हमारे जीवन का आवश्यक हिस्सा है। स्वस्थ शरीर और दिमाग को विकसित करने के लिए खेल महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेल कई प्रकार के होते हैं, जो हमारे शारीरिक के साथ मानसिक विकास में मदद करते हैं। लगातार पढ़ाई के दौरान कई बार तनाव की स्थिति होती है। ऐसे में खेल इस तनाव को दूर करने का बेहतर माध्यम है। उत्तर प्रदेश ड्रॉप रोबॉल एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष अशोक यादव ने कहा कि जिस तरह दिमाग का सही विकास के लिए शिक्षा जरूरी है, उसी तरह शारीरिक विकास के लिए खेल महत्वपूर्ण हैं। शिक्षा के माध्यम से हम टीम भावना नहीं सीख सकते, लेकिन खेल से यह संभव है। उन्होंने कहा खिलाडिय़ों को जो उत्तर प्रदेश के लिए मेडल लेकर आएंगे उन्हें कैश प्राइज भी दिया जाएगा। ताकि वह अपने अध्ययन पढ़ाई और खेलों की डाइट पर खर्च कर सकें। इस दौरान डॉ डीपी सिंह, डॉक्टर सत्य प्रकाश, युवराज आदि शिक्षकों ने आशीर्वाद दिया।















