दिल्ली से गाजियाबाद में अवैध शराब की आमद रोकने को उठाए कदम

-आबकारी विभाग की 3 टीमें गठित, दिन-रात रखेंगी नजर

गाजियाबाद। आगामी विधान सभा चुनाव के मद्देनजर जिला आबकारी विभाग ने गैर राज्यों से अवैध शराब की आमद रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। दिल्ली, गाजियाबाद बार्डर स्थापित टी.पी. नगर और भोपुरा चैकपोस्ट पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी है।इसी क्रम में दिल्ली से गाजियाबाद में शराब तस्करों की एंट्री रोकने को विशेष सचल दल का गठन किया है। दिल्ली के सीमापुरी, सरिता विहार, क्रॉस रिवर, आनंद विहार, मयूर विहार, जवाहर नगर, करावल नगर, खजूरी रोड व गगन चौक आदि से अवैध शराब की गाजियाबाद में तस्करी की संभावना रहती है। इसके मद्देनजर आबकारी विभाग ने कदम उठाए हैं। इन रास्तों से अवैध शराब की आमद रोकने को सचल दल की टीमों का गठन किया गया है। टीम नंबर-1 में आबकारी निरीक्षक आशीष पांडेय, अखिलेश बिहारी वर्मा व ईशा गोयल, टीम नंबर-2 में टीएस ह्यांकी, रमाशंकर सिंह, टीम नंबर-3 में त्रिवेणी प्रसाद मौर्या व अरूण कुमार को शामिल किया गया है। जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि इन टीमों को दिल्ली व ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे की तरफ से गाजियाबाद में होने वाले शराब के अवैध परिवहन पर नजर रखने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। पहली टीम दिल्ली के मयूर विहार की तरफ से आने वाले रास्तों व यूपी गेट की तरफ से दिल्ली से आने वाले रास्तों के अतिरिक्त ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के दुहाई एवं डासना से आने वाले रास्तों पर नजर रखेगी। दूसरी टीम दिल्ली के आनंद विहार, सरिता विहार, क्रॉस रिवर व बसंत विहार की तरफ से आने वाले मार्गों पर निगरानी रखेगी। इसके अलावा तीसरी टीम दिल्ली के गगन चौक, जीटी रोड, सीमापुरी, जवाहर नगर, करावल नगर व खजूरी रोड से आने वाले वाहनों पर नजर रखेगी। अवैध शराब से संबंधित कोई मामला प्रकाश में आने पर कड़ी कार्रवाई भी की जाएगी। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि आगामी विधान चुनाव को ध्यान में रखकर आबकारी विभाग काफी सतर्क है। दिल्ली, गाजियाबाद बार्डर स्थापित टी.पी. नगर और भोपुरा चैकपोस्ट पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही है। अवैध शराब का निर्माण, बिक्री एवं परिवहन रोकने को प्रभावी कदम उठाए गए हैं। शराब तस्करों को किसी सूरत में मनमानी नहीं करने दी जाएगी।