वीआईपी रोड की सुधरेगी हालत, एक्शन में नगर निगम

गाजियाबाद। शहर में मुख्य मार्गों की हालत सुधारने के काम में नगर निगम शिद्दत से जुटा है। नागरिकों की परेशानी को कम करने के लिए यह कदम उठाया गया है। इसी क्रम में नगर निगम ने राजनगर एक्सटेंशन से एलटी चौराहा की तरफ के मार्ग का काम कराया गया है। नगर निगम के मुख्य अभियंता (निर्माण) एन.के. चौधरी ने मौके पर जाकर काम की गुणवत्ता की जांच-परख की। निरीक्षण करने पहुंचे चीफ  इंजीनियर ने सड़क निर्माण के संबंध में मौके पर अवर अभियंता को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। यह मार्ग शहर का प्रमुख मार्ग है। मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसके अलावा हादसे का खतरा बढ़ गया था। काफी व्यस्त और वीआईपी रोड होने के कारण नगर निगम को इस तरफ ध्यान देना पड़ा है। राजनगर एक्सटेंशन की तरफ से आने वाले रास्ता अब वाहन चालकों को परेशान नहीं करेगा। पूर्व में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से पहले वहां पर गड्ढे भरने और पैच वर्क का कभी काम कराया गया था। एलटी चौराहे की तरफ से रास्ता फिर से काफी खराब होने लगा था।

ऐसे में नगर निगम ने इस रोड को प्राथमिकता के आधार पर सुधारने का निर्णय लिया। कार्य का जायजा लेने पहुंचे चीफ इंजीनियर ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता के साथ कहीं कोई कमी ना रहे, इसे लेकर भी मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। चीफ इंजीनियर एनके चौधरी ने जेई को सड़क निर्माण कार्य के साथ डिवाइडर की मरम्मत, पेंटिंग और सौंदर्यीकरण का कार्य भी जल्द पूर्ण कराने का निर्देश दिया।