गाजियाबाद में रोहिंग्या के खिलाफ गरजा नगर निगम का बुलडोजर

हज हाउस के पास हुए अवैध कब्जे को किया ध्वस्त, झुग्गी-झोपड़ी बसाकर रोहिंग्या के बसने की मिली थी जानकारी

गाजियाबाद। दिल्ली नगर निगम का बुलडोजर बेशक खामोश हो और दिल्ली में कार्रवाई रूक गई है, मगर दिल्ली से सटे गाजियाबाद में नगर निगम का बुलडोजर लगातार अपना काम कर रहा है। भू-माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के साथ-साथ अवैध रूप से नगर निगम सीमा क्षेत्र में झुग्गी-झोपड़ी डालकर बसने वाले रोहिंग्या के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसका ताजा उदाहरण सोमवार को देखने को मिला। हिंडन नदी के पास हज हाउस के पास कुछ रोहिंग्या परिवारों द्वारा झुग्गी-झोपड़ी डालकर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत नगर निगम को मिली थी।

शिकायत पर तुरंत कार्रवाई कर नगर निगम के प्रवर्तन दल ने बुलडोजर चलाया अतिक्रमण को हटा दिया। इस दौरान रोहिंग्या ने विरोध भी किया, मगर नगर निगम टीम के आगे उनकी एक न चली। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर नगर निगम का बुलडोजर लगातार काम पर लगा है। शहर को अतिक्रमण मुक्त रखने की इस मुहिम को आमजन के साथ-साथ जनप्रतिधियों का सहयोग भी मिल रहा है। दरअसल भू-माफिया से निपटने के लिए नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर जिस रणनीति को अपना कर काम करा रहे है, उसके असफल होने की संभावना दूर-दूर तक नजर नहीं आती। कार्रवाई से पहले पूरी तैयारी कर ली जाती है। इसी का परिणाम है कि नगर निगम द्वारा पिछले एक साल के भीतर 2 हजार करोड़ रुपए से अधिक की जमीन कब्जा मुक्त कराई गई है। नगरायुक्त ने प्रवर्तन विभाग को सख्त निर्देश दे रखा है कि कहीं भी नगर निगम की जमीन पर अवैध कब्जा ना होने पाए। जहां भी कब्जा है, उसे हटाकर मुक्त कराई गई भूमि की तारबंदी कराकर उसे भविष्य के लिए सुरक्षित कर लिया जाए। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देशन में सोमवार को प्रवर्तन प्रभारी कर्नल दीपक शरण और संपत्ति प्रभारी भोलानथ के नेतृत्व में प्रवर्तन दस्ते ने हज हाउस के पास दर्जनों झुग्गी-झोपड़ी को हटाया।

इस सरकारी जमीन पर झुग्गी-झोपड़ी बसाने और वहां रोहिंग्या को बसाने की शिकायत नगर निगम को मिली थी। इसके बाद प्रवर्तन दस्ते ने यह कार्रवाई की। नगर निगम की यह बड़ी कार्रवाई है। दिल्ली के समीप गाजियाबाद में रोहिंग्या का डेरा होना भी चिंताजनक है। पिछले महीने भी नगर निगम ने 80 करोड़ की बेशकीमती जमीन को कब्जा मुक्त कराया था। अब वहां पर कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन बनाया जा रहा है। कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन की डीपीआर तैयार हो चुकी है। कुछ जरूरी संशोधन के बाद जल्द इसका टेंडर कराकर निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।  शहर को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए नगर निगम निरंतर कार्रवाई कर रहा है। नगर निगम की भूमि पर अवैध कब्जों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भू माफिया और नगर निगम की संपत्ति पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी।
महेंद्र सिंह तंवर
नगरायुक्त
गाजियाबाद नगर निगम