- अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल विश्वविद्यालय के प्रथम दीक्षांत समारोह में गूंजी आईटीएस की उपलब्धियों की गाथा
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल विश्वविद्यालय, लखनऊ के प्रथम दीक्षांत समारोह में गुरुवार को आई.टी.एस. डेंटल कॉलेज और फिजियोथेरेपी कॉलेज, मुरादनगर की मेधावी छात्राओं ने अपनी शैक्षणिक श्रेष्ठता का परचम लहराया। विश्वविद्यालय ऑडिटोरियम में आयोजित इस भव्य समारोह में मुख्य अतिथि एवं कुलाधिपति, उत्तर प्रदेश की माननीय राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने छात्राओं को उनके उत्कृष्ट अकादमिक प्रदर्शन पर स्वर्ण और रजत पदकों से सम्मानित किया। समारोह में डेंटल और फिजियोथेरेपी के विभिन्न विषयों में छात्राओं ने उल्लेखनीय सफलता अर्जित की। डॉ. चारू प्रिया (ओरल पैथोलॉजी), डॉ. सनाह सिंह (पीडिएट्रिक एंड प्रिवेंटिव डेंटिस्ट्री), डॉ. आकृति कोल (प्रोस्थोडॉन्टिक्स) और डॉ. दीपांशी शर्मा (पब्लिक हेल्थ डेंटिस्ट्री) को स्वर्ण पदक मिला। डॉ. कार्तिकी मेहरोत्रा (पब्लिक हेल्थ डेंटिस्ट्री) और डॉ. निधि प्रसाद (पेरियोडोन्टोलॉजी) को रजत पदक से सम्मानित किया गया। फिजियोथेरेपी विभाग से मिस शिवांगी भारद्वाज ने 86.2 अंक के साथ स्वर्ण पदक और मिस भारती अग्रवाल ने 83.2 अंक के साथ रजत पदक हासिल किया। इन सफलताओं ने न केवल संस्थान का मान बढ़ाया बल्कि यह भी साबित किया कि आई.टी.एस. समूह उच्चस्तरीय शिक्षा और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण का केंद्र है। दीक्षांत समारोह में आईटीएस डेंटल एवं फिजियोथेरेपी कॉलेज की छात्राओं को सम्मानित किया जाना संस्थान की शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रमाण है। यह उपलब्धि छात्राओं की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और संस्थान द्वारा उपलब्ध कराई गई अत्याधुनिक शिक्षा व प्रशिक्षण का परिणाम है। समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय उपमुख्यमंत्री एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री ब्रजेश पाठक और राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। दोनों मंत्रियों ने छात्रों को उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वचन दिए और कहा कि इस तरह की उपलब्धियां पूरे प्रदेश को गौरवान्वित करती हैं।
इस अवसर पर आई.टी.एस. डेंटल कॉलेज के डायरेक्टर-प्रिंसिपल डॉ. देवी चरण शेट्टी और फिजियोथेरेपी कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. एम. थंगराज भी मौजूद रहे। सम्मानित छात्राओं ने अपने वक्तव्य में शिक्षकों और संस्थान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सफलता में आई.टी.एस. की शिक्षा पद्धति, प्रेरणा और मार्गदर्शन की अहम भूमिका रही है। इस गौरवमयी उपलब्धि पर आई.टी.एस. एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन डॉ. आर.पी. चड्ढा और वाइस चेयरमैन अर्पित चड्ढा की सराहना भी की गई। विशेषकर श्री अर्पित चड्ढा के कुशल नेतृत्व, आधुनिक शोध सुविधाओं और शैक्षणिक उत्कृष्टता पर निरंतर ध्यान ने छात्रों को उच्च प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल विश्वविद्यालय के प्रथम दीक्षांत समारोह में आईटीएस डेंटल और फिजियोथेरेपी कॉलेज की यह ऐतिहासिक उपलब्धि न केवल संस्थान के लिए गौरव का क्षण है, बल्कि यह आने वाली पीढिय़ों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनेगी। यह सफलता सिद्ध करती है कि जब लगन, मेहनत और सही मार्गदर्शन साथ हों, तो हर लक्ष्य संभव है

















