गाजियाबाद। दिल्ली की सस्ती शराब का लालच लोगों के दिमाग पर इस कदर हावी हो गया है कि लोग 100 रुपए बचाने के चक्कर में जेल की हवा खाने से भी नही डर रहे है। जबकि आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई भी की जा रही है। मगर आबकारी विभाग की कार्रवाई का इन लोगों में कोई खौफ नजर नही आ रहा है। लेकिन जिसे आबकारी विभाग ने पकड़कर सलाखों के पीछे भेजा है, वह अब दिल्ली की शराब पीने से ही तौबा कर बैठे है। दिल्ली की सस्ती शराब लेकर गाजियाबाद में आने वाले लोगों को पकडऩे के लिए आबकारी विभाग की टीम दिल्ली बोर्डर पर 24 घंटे सक्रिय है। इसी कड़ी में आबकारी विभाग की टीम ने तीन आरोपियों को दिल्ली की शराब समेत गिरफ्तार किया है। वहीं आरोपियों से बरामद वाहन को भी जब्त कर लिया है।

जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप एवं आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश के क्रम में जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुनिराज जी0 के निर्देशन में अवैध मद्य निष्कर्षण एवं अवैध मदिरा की तस्करी/परिवहन के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत शुक्रवार देर रात तक आबकारी निरीक्षकों द्वारा दिल्ली बॉर्डर, खोड़ा, ट्रांसपोर्ट नगर चेक पोस्ट पर चेकिंग की गई। आबकारी निरीक्षक आशीष पाण्डेय की टीम ने खोड़ा में चेकिंग के दौरान एक हुंडई सेंट्रो वाहन से परिवहन करते 24 केन किंगफिशर प्रीमियम बियर के साथ आशीष पुत्र हरीश चंद्र को गिरफ्तार किया।

आबकारी निरीक्षक त्रिवैणी प्रसाद मौर्य की टीम ने ट्रांसपोर्ट नगर पर चेकिंग के दौरान स्प्लेंडर बाइक से परिवहन करते हुए 8 बोतल बीरा बूम बियर दिल्ली मार्का के साथ मोहित को गिरफ्तार किया गया। इसी क्रम में रविकांत पुत्र हरीश को सीमा चौकी से 4 बोतल रॉयल स्टैग एवं 2 बोतल मैक्डोवेल नंबर-1 दिल्ली मार्का समेत आबकारी निरीक्षण त्रिभुवन सिंह हंयाकी की टीम ने गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया एवं बरामद वाहनों को जब्त कर लिया गया। अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
















