पीएम स्वनिधि योजना की गति बढ़ाने की कोशिश

-नगरायुक्त ने बैंकर्स के साथ बैठक की, दिए निर्देश

गाजियाबाद। प्रधानमंत्री स्व निधि योजना की रफ्तार बढ़ाने के लिए नगरायुक्त ने गंभीरता दिखाई है। उन्होंने विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की ऋण स्वीकृति से संबंधित अड़चनों को दूर करने पर जोर दिया है। पीएम स्व निधि के अंतर्गत ठेली-पटरी दुकानदारों को ऋण राशि उपलब्ध कराने के लिए नगरायुक्त एवं डूडा के परियोजना निदेशक महेंद्र सिंह तंवर के नेतृत्व में बेहतर कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में डूडा के परियोजना निदेशक महेंद्र सिंह तंवर ने एसबीआई बैंक के कार्यालय में पीएनबी बैंक, इंडियन बैंक, एसबीआई बैंक आदि के प्रतिनिधियों संग चर्च की।

बैठक में सभी संबंधित बैंकों को कड़े निर्देश दिए गए कि वह लाभार्थियों को शीघ्र ऋण का वितरण करें ताकि उन्हें रोजगार को बढ़ाने में सहयोग प्राप्त हो सके। पीएम स्व निधि के अंतर्गत 31852 आवेदन प्राप्त हुए हैं। आवेदकों की एप्लीकेशन ऑनलाइन सबमिट हो चुकी है। 27284 आवेदकों का लोन स्वीकृत हो चुका है तथा 24166 लोगों को ऋण वितरण किया जा चुका है। इसके अलावा शेष लाभार्थियों को शीघ्र ऋण उपलब्ध कराने की कार्यवाही को तेजी से करने के निर्देश दिए गए हैं। पीडी डूडा महेंद्र सिंह तंवर द्वारा विभागीय टीम को भी निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा है कि शहर के ठेली-पटरी दुकानदारों को सहयोग कर डिजिटल ट्रेनिंग दी जाए ताकि महीने में 200 ऑनलाइन ट्रांजैक्शन स्ट्रीट वेंडर्स कर सकें। नगर निगम के डूडा विभाग द्वारा जनहित में किए जा रहे कार्य से संतुष्ट व प्रसन्न होकर लाभार्थी स्वेच्छा से ऑनलाइन प्रक्रिया को समझ रहे हैं तथा लोन की धनराशि पाने पर अपने रोजगार को आगे बढ़ा रहे हैं। इसके अलावा अन्य सरकारी योजनाओं का भी लाभ उठाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।

नगर निगम ने 8.80 करोड़ की भूमि कब्जा मुक्त कराई
नगर निगम ने मंगलवार को डूंडाहेड़ा में अभियान चलाकर बेशकीमती भूमि को कब्जा मुक्त करा लिया। नगरायुक्त के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। ग्राम डूंडाहेड़ा में खसरा नंबर 106 क्षेत्रफल 0.3540 हेक्टेयर भूमि पर कुछ असामाजिक तत्वों ने कब्जा कर रखा था। संबंधित भूमि को बेचने की तैयारी भी चल रही थी। इस संबंध में सूचना मिलने पर नगर निगम को हरकत में आना पड़ा। मौके पर जेसीबी मशीन मंगाकर ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की गई।


संपत्ति अधीक्षक भोलानाथ ने बताया कि महापौर आशा शर्मा तथा नगरायुक्त के निर्देशानुसार शहर से अवैध निर्माण को ध्वस्त किया जा रहा है। लगभग 3540 वर्ग मीटर भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया है। कब्जा मुक्त भूमि की बाजार कीमत 8 करोड़ रुपए से अधिक है। इसके अतिरिक्त वार्ड संख्या-28 हिंडन विहार में दो मकानों को हटाकर कब्जा मुक्त कराया गया। जिसका एरिया लगभग 200 वर्ग मीटर है, जिसका खसरा नंबर-1359 है। उक्त भूमि की मार्केट वैल्यू लगभग 80 लाख है। नगर निगम द्वारा अवैध भूमि पर निर्माण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही भी की जा रही है। नगर निगम सीमा अंतर्गत निगम भूमि को कबजा मुक्त करने की कार्यवाही वृहद स्तर पर अधिकारियों द्वारा की जा रही है। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर का कहना है कि अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।