आपराधिक वारदातों को रोकने में नाकाम प्रभारी नहीं संभालेगे थाने की कमान: मुनीराज जी.

गाजियाबाद। जिले में कानून व्यवस्था बेहतर करने एवं आपराधिक वारदातों की रोकथाम के लिए एसएसपी मुनिराज जी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन थाना क्षेत्र में आपराधिक वारदात ज्यादा हो रही है। उन क्षेत्र के थाना प्रभारी स्पष्ट रूप से सुन लें। आपराधिक वारदाओं को रोकने में विफल रहने पर थाना प्रभारी हटाए जाएंगे। गुरूवार को हरसांव स्थित रिजर्व पुलिस लाइन के सभागार में एसएसपी मुनिराज जी ने एसपी सिटी निपुण अग्रवाल,एसपी सिटी द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह,एसपी क्राइम दीक्षा शर्मा,एसपी तृतीय सुभाष चंद गंगवार,एसपी ट्रैफिक रामानंद कुशवाहा, एसपी ग्रामीण डॉ.ईरज राजा एवं सीओ,थाना प्रभारियों के साथ क्राइम समीक्षा बैठक की। एसएसपी मुनिराज जी ने बैठक में थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर अपराध रोकने के लिए कार्रवाई करें।

उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल पर लंबित मामले,सीसीटीएनएस पर प्रदर्शित अपराध, एसआर केस,लंबित विवेचना,लंबित एनबीडब्ल्यू,शिकायती प्रार्थना पत्र,अवैध शराब,ड्रग्स के संबंध मे चलाए जा रहे पुलिस की ओर से अभियान की कार्रवाई एवं आगामी त्योहार को को लेकर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं,पंजीकृत गैंग/माफियाओ, पुरस्कार घोषित अपराधियों एवं अभ्यस्त अपराधियों के विरुद्व की गई कार्रवाई की समीक्षा की। एसएसपी ने आमजन की शिकायतों का थानों में गुणवत्तापूर्ण तरीके से तत्काल निस्तारण करने एवं अनावरण की बाकी घटनाओं का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए। वहीं,हिस्ट्रीशीटर एवं अभ्यस्त बदमाशों को चिन्हित कर कार्रवाई के निर्देश दिए। अभ्यस्त अपराधियों के विरुद्व धारा 14(1) गैंगस्टर अधिनियम के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं,सोशल मीडिया पर निरन्तर कड़ी निगरानी रखने,अफवाह फैलाकर सांप्रदायिक सौहार्द प्रभावित करने वालों के विरुद्व कठोर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।