वैशाली चिकित्सा केन्द्र में वैदिक रीति-रिवाज से 150 महिलाओं का हुआ गर्भ संस्कार

गाजियाबाद। वैशाली स्थित प्राथमिक चिकित्सा केन्द्र पर सुरक्षित मांतत्व दिवस धूमधाम के साथ मनाया गया। प्रबंधक डॉ रितु वर्मा और पार्षद मनोज गोयल गोयल द्वारा दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। 150 महिलाओं को वैदिक रीति-रिवाज से गर्भ संस्कार गायत्री मंत्र द्वारा किया गया। आंगनवाडी महिला द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की गई। डॉ ऋतु वर्मा के नेतृत्व में उक्त सेंटर बहुत अच्छे तरीके से कार्य कर रहा है। मरीजों का इलाज, कोविड-वैक्सीन, बच्चों की वैक्सीन, घर घर जाकर गर्भवती महिलाओं की देखभाल की जा रही है। प्रबंधक डॉ ऋतु वर्मा ने कहा मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने, गर्भवती की बेहतर स्वास्थ्य देखभाल, प्रसव पूर्व जांच एवं उन्हें समय पर उचित इलाज मुहैया कराने के लिए पीएमएसएमए दिवस प्रत्येक माह की 9 तारीख को मनाया जाता है।

इस दिवस पर विशेष कर दूसरे व तीसरे माह गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाता है। हीमोग्लोबिन, शुगर, एचआईवी ब्लड प्रेशर समेत तमाम जांचें व स्त्री रोग विशेषज्ञ द्वारा निशुल्क परीक्षण भी किया जाता है। सलाह दी गई कि गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को स्वास्थ्य को लेकर बहुत ही सजग रहने की आवश्यकता है। इस दौरान उन्हें संतुलित और स्वस्थ आहार का सेवन करना चाहिए जिससे गर्भस्थ शिशु को भी बेहतर आहार मिलता रहे। पार्षद मनोज गोयल ने बताया कि वैशाली स्थित प्राथमिक चिकित्सा केन्द्र पर डॉ ऋतु वर्मा द्वारा बहुत ही अच्छे तरीके से संचालन किया जा रहा है। केन्द्र पर आने प्रत्येक व्यक्ति को उपचार, वैक्सीनेशन और उनके स्वास्थ्य की देखभाल के लिए उन्हें जागरुक भी किया जा रहा है। इस दौरान गौरी, पवित्रा, सर्वेश यादव, रश्मि, मोहित सहित अन्य लोग बड़ी संख्या में रहे।