साहिबजादों की शहादत पर वीर बाल दिवस आने वाले भविष्य का निर्माण करने की प्रेरणा देगा: सरदार एसपी सिंह

गाजियाबाद। गुरू गोविंद सिंह जी के साहिबजादों की देश व धर्म की रक्षा के लिए दी गई शहादत पर घोषित वीर बाल दिवस हमें अपने अतीत को पहचानने और आने वाले भविष्य का निर्माण करने की प्रेरणा देगा। यह बातें मंगलवार को नंदग्राम मंडल में वीर बाल दिवस के मौके पर गुरुद्वारा नंदग्राम में आयोजित कार्यक्रम में अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व सदस्य सरदार एसपी सिंह ने कही। श्री सिंह ने कहा कि वीर बाल दिवस हमें याद दिलाया कि धर्म की रक्षा में गुरुओं का योगदान व देश के स्वाभिमान के लिए सिक्ख परम्परा का बलिदान क्या है, भारत क्या है और भारत की पहचान क्या है। श्री सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व भाजपा संगठन के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेन्द्र सिंह का वीर बाल दिवस पर साहिबजादों के बलिदान को सम्मान देने के लिए आभार व्यक्त किया।

ज्ञानी प्रीतम सिंह ने बताया कि देश व धर्म की रक्षा करने की ख़ातिर गुरु गोविंद सिंह जी के छोटे साहिबजादों ने मुगल सल्तनत के फरमान पर दीवारों में चुना जाना पसंद किया पर अपना धर्म नहीं छोड़ा। मंडल अध्यक्ष पंकज राय ने बताया कि नौ और सात वर्ष के साहिबजादे बाबा जोरावर सिंह व बाबा फतेह सिंह ने अपने पिता गुरू गोविंद सिंह जी के बताए मार्ग पर चलते हुए धर्म की रक्षा खातिर अपना बलिदान दे दिया। कार्यक्रम संयोजक कुलवंत सिंह ने केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा प्रत्येक वर्ष 26 दिसम्बर को वीर बाल दिवस मनाने के निर्णय का स्वागत किया है।

इससे पूर्व सभी ने साहिबजादों के सम्मान में शब्द कीर्तन गायन करते हुए प्रभातफेरी भी निकाली। गुरुद्वारा प्रबंधक समिति ने सरदार एसपी सिंह व पंकज राय व राघवेंद्र मिश्रा का सरोपा देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम पश्चात लंगर प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर ओंकार सिंह, अवतार सिंह, गुरदीप सिंह लक्की, जसवंत सिंह, हरभजन सिंह, हर्ष बत्रा, बलवंत सिंह, राजपाल राघव, सुदेश नागर, अनिल बहरानी, अरुण बढ़ाना आदि उपस्थित रहे।