कोरोना का अटैक, भाजपा सांसद की मौत

-राज्यसभा के नवनिर्वाचित सदस्य थे अशोक

बेंगलुरु। देश में कोविड-19 (कोरोना वायरस) से एक और जनप्रतिनिधि जंग हार गए हैं। भाजपा नेता एवं राज्यसभा के नवनिर्वाचित सांसद अशोक गस्ती का वीरवार को कोरोना संक्रमण के कारण निधन हो गया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अशोक के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है। नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद अशोक गस्ती कुछ दिन पहले कोरोना वायरस की चपेट में आ गए थे। बाद में उन्हें उपचार के लिए बेंगलुरु के एक अस्पताल में भर्ती किया गया था। हालांकि उनकी हालत बेहद गंभीर थी। जानकारी के अनुसार उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। ऐसे में उन्हें आईसीयू में वेंटिलेटर पर रखा गया था। हालत बिगडऩे पर अशोक गस्ती ने वीरवार को दम तोड़ दिया। बता दें कि अशोक ने विगत 22 जुलाई को राज्यसभा सांसद के तौर पर शपथ ग्रहण की थी। राज्यसभा सांसद बनने से पहले वह कर्नाटक पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष भी रह चुके थे। वह पेशे से वकील थे। कर्नाटक के रायचूर जिले में अशोक की अच्छी पैठ थी, जिसका लाभ भाजपा को भी मिला। अशोक गस्ती 18 साल की आयु में भाजपा से जुड़ गए थे। वह कर्नाटक भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष भी रह चुके थे। अशोक गस्ती के निधन पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि अशोक की असमय मौत की खबर सुनकर दुखी हूं। शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं। सनद रहे कि इससे एक दिन पहले यानी बुधवार को वाईएसआरसीपी के सांसद बल्ली दुर्गा प्रसाद राव की कोविड-19 संक्रमण के कारण मौत हो गई थी। वह तिरुपति से लोकसभा सांसद थे। देश के विभिन्न राज्यों में कोरोना से कई जनप्रतिनिधियों की मौत हो चुकी है।