मायानगरी में कोरोना की मार, सख्त प्रतिबंध लागू

-सिर्फ अति आवश्यक कार्य से बाहर जाने की छूट

मुंबई। मायानगरी मुंबई में कोविड-19 (कोरोना वायरस) का प्रकोप रूक नहीं पाया है। कोरोना पॉजिटिव केस निरंतर बढऩे से यह शहर हल्कान है। कोविड-19 प्रोटोकॉल का उल्लंघन होने के कारण मुंबई पुलिस को एक बार फिर सख्ती बरतनी पड़ी है। पुलिस ने समूचे शहर में सीआरपीसी की धारा-144 लागू तत्काल प्रभाव से लागू कर दी है। इसके तहत किसी भी स्थान पर भीड़ एकत्र नहीं हो पाएगी। 30 सितंबर तक धारा-144 प्रभावी रहेगी। पुलिस ने सिर्फ अति आवश्यक कार्य और इमरजेंसी में बाहर निकलने की छूट दी है।  अप्रैल और मई में मुंबई को कोरोना के कहर का सामना करना पड़ा था। बाद में जून-जुलाई में मुंबई को कोरोना से कुछ राहत मिलनी आरंभ हो गई थी, मगर अब पुन: नए मामलों में एकाएक तेजी आई है। समूचे महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे के भीतर 23 हजार से ज्यादा मामले प्रकाश में आए हैं। इसके मद्देनजर मुंबई शहर में धारा-144 लागू करने की जरूरत महसूस की गई है। देश में कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित महाराष्ट्र है। इस राज्य में कोरोना के 11 लाख 21 हजार 221 केस सामने आ चुके हैं। हालांकि इनमें से 7 लाख 92 हजार 832 मरीज ठीक भी हो गए हैं। वर्तमान में एक्टिव केस की संख्या 2 लाख 97 हजार 506 है। अब तक 30 हजार से ज्यादा नागरिकों की मौत भी हो चुकी है। महाराष्ट्र में खासकर मुंबई के बढ़ते डेथ रेट पर चिंता जाहिर की जा चुकी है। मुंबई का डेथ रेट राष्ट्रीय औसत से काफी अधिक रहा है। वहीं, भारत में कोरोना मरीजों की संख्या 51 लाख से ज्यादा हो गई है। देश में इस समय तकरीबन दस लाख एक्टिव केस हैं।