खौफनाक मंसूबों का खुलासा : 9 आतंकी गिरफ्तार

-एनआईए को सफलता, देश में टूटा अलकायदा का नेटवर्क
-केरल और पश्चिम बंगाल में सघन छापेमारी

नई दिल्ली। पाकिस्तान का कुख्यात आतंकी संगठन अलकायदा भारत में अपनी जड़ें जमाने की कोशिश में है। इसके लिए वह युवाओं को बरगलाने में लगा है। नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) ने आतंकी संगठन अलकायदा के 9 गुर्गों को गिरफ्तार किया है। एनआईए की टीम ने शनिवार की सुबह केरल से 3 और पश्चिम बंगाल से 6 आतंकियों को दबोचा। मुर्शीदाबाद और एर्नाकुलम में छापेमारी के बाद एकाएक हड़कंप मच गया। छापामार टीम ने आतंकियों के पास से डिजिटल उपकरण, दस्तावेज, जिहादी साहित्य, धारदार हथियार, देसी हथियार, घर में विस्फोटक उपकरण तैयार करने से संबंधित कागजात के अलावा आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। सभी आतंकियों को अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा। एनआईए को देश के विभिन्न हिस्सों में पाक के आतंकी संगठन अलकायदा के अंतरराज्यीय मॉड्यूल के विषय में अह्म जानकारी मिली थी। आरोप है कि यह ग्रुप निर्दोष नागरिकों की जान लेने के मकसद से भारत में महत्वपूर्ण स्थानों पर आतंकी हमले करने की साजिश रच रहा था। खासकर केरल और पश्चिम बंगाल में अलकायदा के गुर्गों की सक्रियता के बारे में जानकारी मिली थी। इसके मद्देनजर एनआईए की टीमों ने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद और केरल के एर्नाकुलम में छापा मारकर 9 आतंकियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। एनआईए का कहना है कि प्रारंभिक जांच के मुताबिक गिरफ्तार आतंकियों को सोशल मीडिया पर अलकायदा आतंकियों द्वारा कट्टरपंथी बनाया गया था। उन्हें राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) सहित विभिन्न स्थानों पर हमले करने को प्रेरित किया गया था। इस मकसद के लिए मॉड्यूल सक्रिय रूप से धन जुटाने में लगा था। हथियार तथा गोला बारूद की खरीद्दारी के लिए गैंग के कुछ सदस्य दिल्ली जाने की योजना बना रहे थे। एनआईए द्वारा गिरफ्तार सभी आतंकियों को कोर्ट के समक्ष पेश किया जाएगा।