ग्रेटर नोएडा के गिरधरपुर गांव में 2 पक्षों में खूनी संघर्ष
नोएडा। जनपद गौतमबुद्ध नगर में एक बार फिर डबल मर्डर से सनसनी फैल गई है। भूमि विवाद में 2 पक्षों के बीच खूनी भिड़ंत हो गई। ऐसे में एक पक्ष ने लाइसेंसी हथियार से दूसरे पक्ष के 2 व्यक्तियों की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी आनन-फानन में मौके पर पहुंचे। फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक जनपद गौतमबुद्ध नगर के बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के गिरधरपुर गांव में यह घटना घटी है। भूखंड के विवाद में गांव में पंचायत बुलाई गई थी। पुलिस ने बताया कि गिरधरपुर गांव में देवेंद्र और भूरा के मध्य काफी समय से भूमि विवाद चल रहा है।इस कारण पहले भी दोनों पक्षों में तनातनी हो चुकी थी। भूमि विवाद में भूरा पक्ष के कुछ नागरिक एकत्र हो गए थे। मौके पर दोनों पक्ष में काफी कहासुनी हुई। इसके बाद देवेंद्र पक्ष ने लाइसेंसी हथियार निकाल लिए। आरोप है कि लाइसेंसी हथियार से ताबड़-तोड़ गोलियां चला दी गईं। इस दरम्यान प्रेम कुमार, सेलक और अमित गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों घायलों को इलाज के लिए नजदीक के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने अमित और सलेक को मृत घोषित कर दिया। प्रेम की हालत गंभीर है। पुलिस का कहना है कि पहले भी दोनों पक्षों के खिलाफ सीआरपीसी की धारा-107/116 के तहत कार्रवाई की हो चुकी है। वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस के आला अफसर मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच-पड़ताल के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्यारोपी के हथियार का लाइसेंस निरस्त कराने की प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित स्थानों पर दबिश दे रही हैं।
















