तफ्तीश : उद्धव सरकार के निशाने पर नामचीन हस्तियां

बॉलीवुड-क्रिकेट सितारों के ट्वीट की जांच के आदेश

मुंबई। नए कृषि कानूनों पर केंद्र सरकार के रूख के समर्थन में ट्वीट करने पर बॉलीवुड और खेल जगत की कुछ नामचीन हस्तियां महाराष्ट्र सरकार के निशाने पर आ गई हैं। उद्धव ठाकरे सरकार ने मास्टर ब्लास्टर भारत रत्न सचिन तेंदुलकर, गायिका लता मंगेशकर, अभिनेता अक्षय कुमार और क्रिकेटर विराट कोहली आदि के ट्वीट की जांच के आदेश दिए हैं। सरकार के इस निर्णय का सोशल मीडिया पर काफी विरोध भी देखने को मिल रहा है। नए कृषि कानूनों के खिलाफ काफी समय से किसान आंदोलन चल रहा है। कुछ दिन पहले पॉप सिंगर रिहाना, पोर्न स्टार मियां खलीफा, पर्यावरण विशेषज्ञ ग्रेटा थनबर्ग आदि ने किसान आंदोलन के समर्थन में ट्वीट किए थे। भारत के अंदरूनी मामले में विदेशी नागरिकों के देखल का भारत ने कड़ा जबाव दिया था। ऐसे में सचिन तेंदुलकर, लता मंगेशकर, अक्षय कुमार और क्रिकेटर विराट कोहली आदि ने केंद्र सरकार के रूख के समर्थन में ट्वीट कर विदेशी हस्तियों को जबाव दिया था। कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि भारतीय सितारों ने दबाव में ट्वीट किए थे, इसलिए इसकी जांच होनी चाहिए। इसके बाद महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने जांच के आदेश दिए हैं। गृह मंत्री देशमुख ने कहा है कि इन सितारों के ट्वीट में कुछ गलत नहीं है, मगर इनकी टाइमिंग गलत है। उन्होंने कहा कि स्टेट इंटेलिजेंस इस बात की जांच करेगी कि इन हस्तियों ने दबाव में तो ट्वीट नहीं किया। सनद रहे कि अंतरराष्ट्रीय पॉप स्टार रिहाना ने किसानों के प्रदर्शन पर ट्वीट कर कहा था कि हम इस पर बात क्यों नहीं कर रहे हैं। इसके बाद पर्यावरण एक्टिविस्ट ग्रेटा थनबर्ग और मिया खलीफा आदि ने किसान आंदोलन के समर्थन में ट्वीट कर भारत की छवि खराब करने की कोशिश की थी। सोशल मीडिया पर यह मामला काफी गरमाया था। किसान आंदोलन ने केंद्र सरकार की मुश्किलें बढ़ा रखी हैं।