-600 वर्ग मीटर में हो रहा था पक्का निर्माण, छत डालने की प्रक्रिया के दौरान की गई ध्वस्तीकरण कार्रवाई
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) प्रवर्तन टीम की अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में सोमवार को राजनगर एक्सटेंशन के पास नूरनगर में अवैध रूप से 600 वर्गमीटर में बनाए गए मैरिज होम को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। मैरिज होम में पक्का निर्माण करते हुए छत डाली जा रही थी। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स की अवैध निर्माण और अनाधिकृत कॉलोनियों को ध्वस्त करने के सख्त आदेश के क्रम में यह बड़ी कार्रवाई की गई। यह बात दीगर है कि जीडीए प्रवर्तन जोन-1 क्षेत्र अंतर्गत नूरनगर में 600 वर्गमीटर में अवैध मैरिज होम का निर्माण हो गया। बावजूद इसके जीडीए के प्रवर्तन प्रभारी से लेकर सहायक अभियंता व अवर अभियंता को इसकी भनक तक नहीं लगी।
सोमवार को जीडीए प्रवर्तन जोन-1 के प्रभारी एवं ओएसडी राजीव रतन सिंह के नेतृत्व में सहायक अभियंता रूद्रेश कुमार शुक्ला,अवर अभियंता इम्तियाज अहमद ने जीडीए पुलिस बल और नंदग्राम थाना पुलिस की मौजूदगी में नूरनगर सिहानी के खसरा संख्या-838 पर लगभग 600 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से सोनू त्यागी पुत्र जयपाल सिंह द्वारा मैरिज होम का निर्माण किया जा रहा था। इसमें एक बड़े हिस्से में पक्का निर्माण करते हुए पिलर खड़ा करने के बाद छत डाली जा रही थीं।
जीडीए टीम ने बुलडोजर चलाकर मैरिज होम को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया।सोनू त्यागी पुत्र जयपाल सिंह को जीडीए प्रवर्तन टीम ने पूर्व भी चेतावनी दी थीं,कि किसी तरह का अवैध रूप से स्थाई निर्माण न किया जाए। मगर उसने चोरी-छिपे निर्माण करते हुए मैरिज होम बना लिया। जीडीए प्रवर्तन जोन प्रभारी ने चेतावनी दी कि अवैध निर्माण व अनाधिकृत कॉलोनियों को आगे भी इस प्रकार से ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा कुछ अस्थाई अतिक्रमण को हटाने के लिए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
















