विवादों में लक्ष्मी बॉम्ब, फूटा विरोध का बम

फिल्म के खिलाफ केंद्रीय मंत्री से शिकायत

नई दिल्ली। फिल्म लक्ष्मी बॉम्ब की रिलीज से पहले विरोध तेज हो गया है। फिल्म के नाम से खफा विभिन्न संगठनों ने त्यौरियां चढ़ा ली हैं। फिल्म पर प्रतिबंध लगाने की मांग ने जोर पकड़ लिया है। हिंदू सेना ने केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि फिल्म के जरिए हिंदू समुदाय की भावनाओं के साथ खिलवाड़ करने की कोशिश हो रही है। बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार की फिल्म लक्ष्मी बॉम्ब 9 नवंबर को रिलीज होनी है। कुछ दिन पहले फिल्म का ट्रेलर जारी किया गया था। इसके बाद से इस फिल्म की आलोचना शुरू हो गई है। विभिन्न संगठनों ने फिल्म के टाइटल पर सवाल उठाए हैं। आरोप है कि मां लक्ष्मी का अपमान कर फिल्म का नाम रखा गया है। इसे हिंदू समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची है। हिंदू सेना ने केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को पत्र लिखकर फिल्म को बैन करने की मांग की है। ऐसा न होने पर सड़कों पर उतर कर विरोध-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी गई है। हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने ट्वीट कर लिखा है कि फिल्म लक्ष्मी बॉम्ब के मेकर्स और कास्ट के खिलाफ एक्शन लिया जाए। फिल्म के जरिए हिंदू देवी लक्ष्मी का अपमान किया गया है। मेकर्स ने हिंदू समुदाय को उकसाने का प्रयास किया है। संगठन का कहना है कि इस फिल्म में लव जिहाद को बढ़ावा दिया जा रहा है। बता दें कि यह फिल्म 9 नवंबर को ओटीटी प्लेटफार्म पर रिलीज की जानी है। फिल्म में अक्षय कुमार के अलावा अभिनेत्री कियारा आडवाणी हैं। फिल्म का पहला गाना भी रिलीज हो गया है। फिल्म का बुर्ज खलीफा सॉन्ग काफी हिट हो रहा है। बता दें कि अभिनेता अक्षय कुमार इन दिनों कुछ कारणों से सोशल मीडिया पर आलोचनाओं की मार झेल रहे हैं। बॉलीवुड के कुछ कलाकारों ने चुनिंदा न्यूज चैनल के खिलाफ मुंबई हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है। जिनमें अक्षय कुमार भी शामिल हैं।