बिहार को बीमारू नहीं बनने देगी जनता : मोदी

सासाराम रैली में प्रधानमंत्री का विपक्ष पर तंज

पटना। बिहार में आसन्न विधान सभा चुनाव में जनता दल (यू) और भाजपा गठबंधन की जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कमान संभाल ली है। प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को सासाराम में पहली चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दरम्यान उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार की प्रगति के खुले रास्तों का जिक्र कर विपक्ष को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि जिनका इतिहास बिहार को बीमारू बनाने का रहा है, जनता उन्हें सत्ता के आस-पास भी फटकने नहीं देगी। सासाराम रैली में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नीतीश सरकार में बिहार में बड़ा बदलाव आया है। विकास कार्यों को गति मिलने के साथ अपराधियों पर लगा लगी है। नीतीश कुमार की अगुवाई में यह राज्य आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने मन बना लिया है कि सत्ता में फिर नीति कुमार लौटकर आएंगे। उन्होंने स्व. रामविलास पासवान और स्व. रघुवंश प्रसाद सिंह को भी याद किया। उन्होंने कहा कि हाल ही में बिहार ने अपने 2 सपूतों को खोया है। जिन्होंने यहां के नागरिकों की दशकों तक सेवा की है। गरीबों एवं दलितों के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले राम विलास पासवान को मैं श्रद्धाजंलि अर्पित करता हूं। उन्होंने कहा कि बाबू रघुवंश प्रसाद सिंह ने भी गरीबों के उत्थान के लिए निरंतर काम किया। वो भी अब हमारे बीच नहीं हैं। मैं उन्हें भी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उन्होंने बिहार में कोविड-19 (कोरोना वायरस) जैसी महामारी का डटकर मुकाबला करने के लिए नागरिकों को बधाई दी। महागठबंधन पर हमला कर पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि बिहार की जनता ने मन बना लिया है, ठान लिया है कि जिनका इतिहास बिहार को बीमारू बनाने का है, उन्हें आस-पास फटकने नहीं देंगे। चुनावी रैली में पीएम मोदी ने केंद्र द्वारा पारित कृषि कानूनों का विरोध करने वालों की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि कुछ लोग नहीं चाहते कि देश में किसानों को और ज्यादा फलने-फुलने का मौका मिले।