स्वच्छता सर्वेक्षण के रिजल्ट से पहले नगर निगम ने बनाया अनोखा रिकॉर्ड

ट्वीट करने में गाजियाबाद प्रदेश में नंबर वन, देश में दूसरे स्थान पर

गाजियाबाद। स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 में गाजियाबाद शहर को नंबर वन बनाने के लिए नगर निगम की मुहिम जोरों पर चल रही है। नंबर वन पर आने का यह टारगेट इस बार पूरा होने की प्रबल संभावना है। नई खबर यह है कि स्वच्छता और खूबसूरती से संबंधित कार्यों के विषय में निरंतर ट्वीट किए जा रहे हैं। ट्वीट करने के लिहाज से गाजियाबाद नगर निगम देश में दूसरे और उत्तर प्रदेश में पहले स्थान पर है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 के मद्देनजर नगर निगम हरसंभव कोशिशों में जुटा है। इसके चलते धरातल पर दिन-रात काम हो रहा है।

खुद नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर प्रतिदिन निरीक्षण कर स्वच्छता कार्यों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। इस दौरान वह मातहतों को प्रोत्साहित कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दे रहे हैं। सूबे के नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने सभी नगर निकायों में प्रतिदिन प्रात: 5 से 8 बजे तक सफाई कार्य के निर्देश दे रखे हैं। ऐसे में गाजियाबाद शहर में भी रोजाना निर्धारित समय पर सफाई कार्य शुरू करा दिया जाता है। इसी क्रम में स्वच्छता और खूबसूरती से जुड़े कार्यों के संदर्भ में ट्वीट करने में नगर निगम ने अलग रिकॉर्ड कायम कर लिया है। ट्वीट की दृष्टि से गाजियाबाद देश में दूसरे और यूपी में पहले स्थान पर पहुंच गया है।

स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण के कार्य की बावत ट्वीट करने में देश में पहले स्थान पर जगदलपुर है। जबकि शीर्ष 20 में सहारनपुर 16वें और नोएडा 20वें स्थान पर है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार के मुताबिक शहर को स्वच्छता में नंबर वन बनाने की दिशा में भरसक प्रयास किए जा रहे हैं। इसमें पार्षदों और नागरिकों का योगदान भी बराबर मिल रहा है। उन्होंने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण में इंटरनेट मीडिया पर स्वच्छता संबंधी पोस्ट भी करनी होती है। सोशल नेटवर्किंग साइट्स ट्विटर के अलावा फेसबुक और इंस्टाग्राम पर भी नगर निकाय पोस्ट डालते हैं।

प्रत्येक पोस्ट के साथ स्वच्छ सर्वेक्षण का हैश टैग भी लगाना होता है। इसी टैग से पोस्ट की गिनती होती है। उन्होंने बताया कि वरीयता सूची सिर्फ ट्विटर के आधार पर जारी होती है। प्रत्येक सोमवार को यह सूची जारी की जाती है। पिछले सप्ताह इस मामले में देश में गाजियाबाद का स्थान तीसरा था। अब यह दूसरे स्थान पर आ चुका है। उधर, गाजियाबाद शहर में स्वच्छता कार्यों का जायजा लेने के लिए केंद्रीय टीम जल्द आएगी।

शीर्ष स्तर की 4 टीमें कूड़ा निस्तारण, जल संरक्षण और नागरिकों का ऑफ़लाइन फीडबैक लेंगी। इसके आधार पर गाजियाबाद नगर निगम को अंक मिलेंगे। बता दें कि मेयर आशा शर्मा और नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 में गाजियाबाद शहर के नंबर वन बनने को लेकर काफी आशावान हैं।