BJP कार्यकर्ताओं का मर्डर क्राइम नहीं राकेश टिकैत के फिर बिगड़े बोल, लोगों में किसान नेताओं को लेकर बढीं नाराजगी

लखीमपुर खीरी हिंसा पर भाकियू नेता का अटपटा बयान

नई दिल्ली। लखीमपुर खीरी हिंसा पर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने बेहद अटपटा बयान दिया है। टिकैत ने भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या को गलत मानने से साफ इंकार कर दिया है। उन्होंने कहा है कि इसके पीछे किसी प्रकार का कोई षडयंत्र नहीं था। वह एक्शन का रिएक्शन था। इसलिए इस घटना को गलत नहीं मान सकते हैं। उधर, संयुक्त किसान मोर्चा के प्रतिनिधि योगेंद्र यादव ने इस घटना पर अफसोस जाहिर किया है। यादव ने केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा को तत्काल पद से हटाने की मांग की है।

उत्तर प्रदेश में लखीमपुर खीरी हिंसा पर पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल के जबाव में भाकियू नेता राकेश टिकैत ने अटपटा बयान दिया है। भाकियू नेता टिकैत ने शनिवार को कहा कि वह उन्हें क्रिमनल नहीं मानते, जिन्होंने लखीमपुर खीरी में भाजपा कार्यकर्ताओं की कथित तौर पर हत्या की। यह क्रिया की प्रतिक्रिया थी। क्योंकि उन्होंने तो प्रदर्शनकारियों पर कार चढ़ाए जाने की प्रतिक्रिया में ऐसा किया। भाकियू नेता टिकैत ने कहा कि लखीमपुर खीरी में कारों के काफिले ने 4 किसानों को रौंद दिया था, जिसके जवाब में भाजपा के 2 कार्यकर्ता मारे गए। यह घटना एक्शन का रिएक्शन थी। उन्होंने कहा कि वह हत्या में शामिल लोगों को अपराधी नहीं मानते हैं।

उधर, संयुक्त किसान मोर्चा के प्रतिनिधि योगेंद्र यादव ने लखीमपुर खीरी की घटना पर अफसोस जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि चाहे वह भाजपा कार्यकर्ता हों या किसान। यह दुर्भाग्यपूर्ण था और हमें उम्मीद है कि न्याय जरूर मिलेगा। किसान नेताओं ने कहा कि यह घटना एक सुनियोजित साजिश थी। योगेंद्र यादव का कहना है कि केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा को सरकार से हटा देना चाहिए क्योंकि उन्होंने यह साजिश रची और वह इस मामले में दोषियों को बचा रहे हैं।

यादव ने कहा कि 15 अक्टूबर को दशहरा पर्व पर एसकेएम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के पुतले जलाकर विरोध-प्रदर्शन करेगा। बता दें कि 3 अक्टूबर को जनपद लखीमपुर खीरी के तिकुनिया क्षेत्र में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के दौरे का विरोध करने के दौरान हिंसा में 4 किसानों समेत 6 लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के बेटे आशीष समेत कई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।