ग्रेनो से जेवर रूट पर 40 हजार दैनिक यात्रियों के सफर करने अनुमान
ग्रेटर नोएडा। जेवर एयरपोर्ट को नई दिल्ली एयरपोर्ट से जोडऩे की योजना पर तेजी से काम चल रहा है। इसके मद्देनजर यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) को डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने की जिम्मेदारी सौंप रखी है। डीएमआरसी ने जेवर एयरपोर्ट से ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा टू नई दिल्ली रेलवे स्टेशन तक की ट्रैफिक रिपोर्ट तैयार कर ली है। यह रिपोर्ट यमुना प्राधिकरण को सौंपी गई है। 2025 में मेट्रो संचालन शुरू होने पर ग्रेटर नोएडा से जेवर के लिए प्रतिदिन लगभग 40 हजार पैसेंजर के सफर करने का अनुमान है।
इसके अलावा ग्रेटर नोएडा से दिल्ली रूट पर दैनिक यात्रियों की संख्या एक लाख से ज्यादा होने की उम्मीद है। पहले चरण में ग्रेटर नोएडा से जेवर एयरपोर्ट के मध्य 6 और ग्रेटर नोएडा से नई दिल्ली तक 5 मेट्रो स्टेशन का निर्माण किया जाना है। इस कॉरिडोर पर 13 की बजाए 11 स्टेशन बनाने का निर्णय लिया गया है। जेवर एयरपोर्ट पर तेजी से काम चल रहा है। फंशनल होने में जेवर एयरपोर्ट को अभी वक्त लगेगा, मगर इसके चर्चे अभी से देश-विदेश में हो रहे हैं। यमुना प्राधिकरण ने इस डीपीआर डीएमआरसी से बनवा रहा है। यह परियोजना दो चरणों में पूरा होगी। पहले चरण में जेवर से नॉलेज पार्क-2 ग्रेटर नोएडा तक और दूसरे चरण में ग्रेटर नोएडा से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन तक मेट्रो कॉरिडोर बनाया जाएगा।
यह ग्रीन कॉरिडोर होगा। डीएमआरसी ने 27 जनू को यमुना प्राधिकरण को ट्रैफिक रिपोर्ट भेज दी है। इसमें बताया गया है कि अगर यह मेट्रो चलती है तो कितने यात्री इसमें सफर करेंगे। पहले इस कॉरिडोर में 13 स्टेशन बनाए जाने थे। लेकिन अब 11 स्टेशन बनेंगे। स्टेशनों की संख्या कम होने से कम समय में यह दूरी तय हो सकेगी। यह ग्रीन कॉरिडोर 72 किलोमीटर लंबा होगा। इस कॉरिडोर में एयरपोर्ट मेट्रो 120 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ेगी। यह सफर एक घंटे से कम समय में तय किया जा सकेगा। जेवर से ग्रेटर नोएडा नॉलेज पार्क-2 तक 35.64 किलोमीटर का कॉरिडोर होगा।
इसमें छह मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे। ये स्टेशन नॉलेज पार्क 2, यमुना प्राधिकरण का सेक्टर-18, सेक्टर-20, सेक्टर 21, सेक्टर-29 और एयरपोर्ट में बनेंगे। यह एलिवेटेड मेट्रो यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे-किनारे जाएगी। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-2 से नई दिल्ली तक का यह कॉरिडोर बनेगा। इसमें पांच स्टेशन बनेंगे। ये स्टेशन नोएडा सेक्टर-142, एमिटी विश्वविद्यालय, न्यू अशोक नगर, दिल्ली गेट और नई दिल्ली स्टेशन होगा। इसका निर्माण दूसरे चरण में किया जाएगा।

जेवर एयरपोर्ट से नई दिल्ली एयरपोर्ट तक मेट्रो लिंक की योजना पर गंभीरता से काम चल रहा है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने यातायात अध्य्यन की रिपोर्ट उपलब्ध कराई है। डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) भी जल्द मिलने की उम्मीद है। डीपीआर आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. अरुणवीर सिंह
सीईओ
यमुना प्राधिकरण
















