जिला पंचायत की बहुप्रतिक्षित बैठक 20 मई को

ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर जिला पंचायत की बहुप्रतिक्षित बैठक का ऐलान कर दिया गया है। यह बैठक 20 मई को आयोजित की जाएगी। बैठक में वित्तीय वर्ष 2022-23 का बजट मंजूर किया जाएगा। इस दौरान विकास कार्यों से संबंधित प्रस्तावों पर विचार-विमर्श कर उन्हें स्वीकृति दी जाएगी। जिला पंचायत के अधिकारी बैठक की तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं। जिला पंचायत गौमत बुद्ध नगर की बैठक 20 मई को कराने का निर्णय लिया गया है। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी करेंगे।

बैठक में पिछली बैठक के कार्यवृत्त को पेश किया जाएगा। वित्तीय वर्ष 2021-22 के पुनरीक्षित बजट पर विचार-विमर्श कर मंजूरी दी जाएगी। इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2022-23 का बजट पास किया जाएगा। बैठक में विकास कार्यों के प्रस्ताव और आगामी कार्ययोजना पर भी चर्चा की जाएगी। इसके अलावा जिला पंचायत की संपत्तियों की बहुउपयोग करने पर चर्चा की जाएगी। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी धर्मजीत त्रिपाठी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैठक की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।