13 बिल्डरों पर 1.27 करोड़ का जुर्माना किया, चेतावनी भी दी
ग्रेटर नोएडा। शहर में ग्रीन बेल्ट पर अवैध कब्जा होने पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सख्त रूख अपनाया है। पर्यावरण से खिलवाड़ किए जाने पर ग्रेनो प्राधिकरण ने 13 बिल्डर प्रोजेक्ट के अलावा शिक्षण संस्थान के खिलाफ एक्शन लिया गया है। संबंधित बिल्डरों पर लगभग 1.27 करोड़ रुपए का जुर्माना किया गया है। यह रकम सप्ताहभर में प्राधिकरण के खाते में जमा न करने पर आरसी जारी किए जाने और अवैध कब्जा शीघ्र न हटाने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अधिकांश सोसाइटियों के आस-पास रोड की तरफ ग्रीन बेल्ट छोड़ रखी है। इससे हरियाली भी कायम रहती है। साथ सोसाइटी की खूबसूरती को भी बढ़ावा मिलता है। बिल्डर इन ग्रीन बेल्ट का रख-रखाव करने की बजाय अतिक्रमण करने की कोशिश कर रहे हैं। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नरेंद्र भूषण के निर्देश पर उद्यान विभाग ने सभी ग्रीन बेल्ट का मुआयना किया, जिसमें पता चला कि 13 बिल्डरों व एक स्कूल ने ग्रीन बेल्ट की तरफ रास्ता खोलकर कब्जाने की कोशिश की है।
सभी बिल्डर प्रोजेक्ट ग्रेटर नोएडा वेस्ट में हैं। 13 बिल्डरों ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एनएच-24 की लिंक रोड के किनारे बनी ग्रीन बेल्ट को बिल्डरों ने कब्जाने की कोशिश की है, जबकि ब्लूम इंटरनेशनल स्कूल ने टेकजोन सेवन की ग्रीन बेल्ट में रास्ता खोलकर कब्जाने की कोशिश की है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण ने इन बिल्डरों व स्कूल से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए, जिसके चलते उद्यान विभाग ने इन सभी पर जुमार्ना लगा दिया है। इन सभी को मिलाकर करीब 1.27 करोड़ रुपये का जुमार्ना लगाया गया है।
जुर्माने की रकम एक सप्ताह में न जमा करने पर आरसी (वसूली प्रमाण पत्र) जारी करने की चेतावनी दी गई है। साथ ग्रीन बेल्ट से अवैध कब्जा शीघ्र न हटाने पर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण ने साफ कहा है कि ग्रीन बेल्ट कब्जाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
बिल्डर का नाम जुर्माना राशि
-सैम इंडिया ओलंपिया 4.01 लाख
-ड्रीम विले आर्केड 1.33 लाख
-गैलेक्सी प्लाजा 1.33 लाख
-साया 3.17 लाख
-आरजा स्क्वायर फर्स्ट 1.74 लाख
-आरजा स्क्वायर फर्स्ट 3.17 लाख
-आरजा स्क्वायर सेकेंड 1.90 लाख
-ईएम बार्क 1.90 लाख
-गौड़ सिटी 23.41 लाख
-एनएक्स वन 33.45 लाख
-निओ टाउन 17.06 लाख
-निराला एस्टेट 10.03 लाख
-निराला एस्टेट 17.39 लाख
-ब्लूम इंटरनेशनल स्कूल 7.35 लाख
















