यमुना प्राधिकरण के सीईओ ने हल की एक और बड़ी समस्या

यमुना एक्सप्रेस-वे को ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे से लिंक करने की बाधा दूर

ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. अरुणवीर सिंह ने एक और बड़ी समस्या का निदान करा दिया है। इसके चलते यमुना एक्सप्रेस-वे को ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे से जोडऩे का मार्ग प्रशस्त हो गया है। यमुना प्राधिकरण ने इस संबंध में किसानों के साथ बैठक कर चर्चा की। बैठक में जरूरी बिंदुओं पर सहमति बन गई। यमुना प्राधिकरण ने किसानों की मांगों को पूर्ण करने का आश्वासन दिया है। इसके अलावा शिविर लगाकर अतिरिक्त मुआवजा का वितरण किया जाएगा।

यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह की कार्यशैली का काफी लाभ मिल रहा है। ताजा मामला यमुना एक्सप्रेस-वे को ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे से जोडऩे का है। इसके लिए जगनपुर-अफजलपुर के नजदीक इंटरचेंज प्रस्तावित है। इसका टेंडर भी हो चुका है। इंटरचेंज के निर्माण पर लगभग 80 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। काफी समय से किसान इस कार्य में रूकावट पैदा कर रहे थे। यमुना प्राधिकरण के सभागार में शुक्रवार को इंटरचेंज से प्रभावित किसानों की बैठक हुई। भारतीय किसान यूनियन अंबावता) के प्रदेश संगठन मंत्री बालकिशन नागर एवं बृजेश भाटी ने किसानों का नेतृत्व किया।

बैठक में यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुण वीर सिंह, एसीईओ मोनिका रानी, ओएसडी शैलेंद्र भाटिया, डीजीएम एके सिंह आदि ने भाग लिया। किसान नेता कृष्ण नागर ने कहा कि इंटरचेंज से प्रभावित किसान काफी समय से 3500 रुपये प्रति वर्ग मीटर की दर से मुआवजे की मांग कर रहे हैं। किसानों और प्राधिकरण के मध्य सहमति नहीं बन पा रही थी। इंटरचेंज से प्रभावित किसानों ने अपनी कई समस्याएं प्रस्तुत की हैं। इसमें 3500 रुपए प्रति वर्ग मीटर मुआवजे के लिए कोर्ट में पैरवी की मांग प्रमुख है। इंटरचेंज से प्रभावित किसानों की 7 प्रतिशत विकसित भूखंड भी जगनपुर अफजलपुर में लगाने और शिविर लगाकर अतिरिक्त मुआवजा वितरित करने की मांग की। प्राधिकरण के अधिकारियों ने कहा कि जल्द फाइल तैयार कर किसानों को अतिरिक्त मुआवजा वितरित किया जाएगा।

Arunveer Singh, ceo
डॉ. अरुणवीर सिंह,
मुख्य कार्यपालक अधिकारी , यमुना प्राधिकरण

किसानों की समस्याओं का गंभीरता के साथ समाधान कराने के लिए यमुना प्राधिकरण प्रतिबंद्ध है। प्रस्तावित प्रोजेक्ट्स को समय से पूर्ण कराने के लिए हरसंभव कोशिश की जा रही है। ऐसे में किसानों की समस्याओं का निदान कराया जा रहा है।
डॉ. अरुणवीर सिंह
सीईओ
यमुना प्राधिकरण