समस्याएं दूर कराने में नागरिकों को मिल रही मदद
ग्रेटर नोएडा। शहर में हरियाली बढ़ाने के लिए काम चल रहा है। इसके मद्देनजर सेक्टर-3 की हरित पट्टी व डी ब्लॉक का पार्क जल्द बदले लुक में नजर आएगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) अमनदीप डुली ने उद्यान विभाग को इस संबंध में कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
एसीईओ अमनदीप डुली ने बुधवार को ग्रेटर नोएडा वेस्ट में गौतमबुद्ध बालक इंटर कॉलेज के साइट ऑफिस में जन-सुनवाई की। इस दौरान सेक्टर-3 के कुछ नागरिक भी पहुंचे। नागरिकों ने सेक्टर-3 के डी ब्लॉक और हरित पट्टी में पौधरोपण कराने की अपील की। ऐसे में एसीईओ अमनदीप डुली ने उद्यान विभाग को इस पर शीघ्र अमल करने के निर्देश दिए। उद्यान विभाग ने जल्द कार्य शुरू करने की बात कही है। सेक्टर के नागरिकों ने बाउंड्री वॉल टूटी होने की शिकायत भी की। एसीईओ ने इसे भी जल्द दुरूस्त कराने के निर्देश दिए। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के जीसी टू ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट के रख-रखाव ठीक न होने की शिकायत नागरिकों की तरफ से मिली।
एसीईओ ने बिल्डर सेल को सोसाइटी से जुड़ी रख-रखाव की समस्याएं शीघ्र दूर कराने के निर्देश दिए। इन समस्याओं को हल कराने को बिल्डरों के साथ बैठक किए जाने की बात कही। नेफोवा के अध्यक्ष अभिषेक कुमार, मनीष कुमार, राकेश रंजन आदि ने चार मूर्ति चौक पर अंडरपास बनाने की भी मांग की। एसीईओ ने उन्हें बताया कि अंडरपास निर्माण के लिए सर्वे कार्य चल रहा है। इस पर शीघ्र निर्णय ले लिया जाएगा। जन-सुनवाई में जीएम (प्रोजेक्ट) एके अरोड़ा, डीजीएम केआर वर्मा व सलिल यादव, एजीएम के.के. यादव, वरिष्ठ प्रबंधक (प्रोजेक्ट) कपिल देव सिंह व एनके जैन आदि मौजूद रहे।
















