विद्युत कर्मियों का शोषण नही होगा बर्दास्त: आशीष कुमार

-समान कार्य समान वेतन का अधिकार की मांग, विद्युत कर्मी करेंगे आंदोलन

सोनभद्र। समान कार्य समान वेतन का अधिकार की मांग को लेकर गंगा सभागार राबर्ट्सगंज में संविदा कर्मियों को सभा आयोजित हुई। सभा की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष भोला सिंह कुशवाहा ने की। पूर्वांचल के दौरे पर आए विद्युत संविदा मजदूर संगठन के मुख्य महामंत्री आशीष कुमार मुख्य अतिथि रहे। सभा में जिले से आए कर्मियों ने अपनी समस्याओं को मजबूती से अधिकारियों द्वारा मजदूरों का शोषण व मनमानी व जबरदस्ती तरीके से कर्मियों से काम लेने व हटा देने की धमकीं देने की बात पदाधिकारियों के समक्ष प्रमुखता से रखी। मुख्य महामंत्री आशीष कुमार ने संविदा कर्मियों को आश्वस्त किया कि अपनी जान जोखिम में डालकर विद्युत उपभोक्ताओं की सेवा करने, विद्युत चोरी रोकने राजस्व वसूली अनुरक्षण व परिचालन का काम करने वाले किसी भी विद्युत मजदूर को यदि किसी भी जिले में काम से हटाया जाता है या किसी भी तरह से किसी भी मजदूर का शोषण किया जाता है तो संगठन इसे कत्तई बर्दाश्त नहीं करेगा। मजदूरों का शोषण करने वाले अधिकारी के खिलाफ संगठन आन्दोलन छेड़ते हुए जीरो टोलरेंस पर कार्य करने वाली सरकार के ऊर्जा मंत्री और चेयरमैन के सामने उसके करतूत को भी उजागर करेगा। बिजली के मजदूरों जागो और अपने हक के लिए लड़ो का नारा देते हुए मुख्य महामंत्री ने कहा कि समान कार्य समान वेतन की मांग को लेकर संगठन एक बड़ा आन्दोलन जल्द ही करने जा रहा है। आप सभी एकता और मजबूती के साथ इस मजबूत आंदोलन के साझीदार बने और आन्दोलन के माध्यम से सरकार के समक्ष अपनी मांगों को मजबूती के साथ रखते हुए निस्तारण कराने में सहयोग की अपील की। इस मौके पर पूर्वांचल संरक्षक मन्नान, पूर्वांचल अध्यक्ष संजय सिंह, पूर्वांचल महामंत्री आशीष पांडे, जिलाध्यक्ष कमला तिवारी, मंडल अध्यक्ष ज्योति कुमार रावत व अन्य पदाधिकारियों के साथ ही साथ सैकड़ों विद्युत संविदा कर्मी भी मौजूद थे।