पटना। पत्नी और सास-ससुर रंगदारी वसूलने के लिए प्रताड़ित कर रहे हैं। बेवजह परेशान कर मानसिक रूप से दबाव भी बनाया जा रहा है। यह मार्मिक पीड़ा किसी आम आदमी की नहीं बल्कि एक आईएएस अधिकारी की है। अपनी वेदना को पुलिस के समक्ष रखकर उन्हें एफआईआर तक दर्ज करानी पड़ी है। पीड़ित डीएम को अब पुलिस के सहारे की जरूरत पड़ रही है। सुनने में बेशक यह मामला अटपटा लगे, मगर सच्चाई यही है।
बिहार के एक जिलाधिकारी का पारिवारिक विवाद थाने तक पहुंच गया है। जानकारी के अनुसार उत्तरी बिहार के जनपद शिवहर में सज्जन राजशेखर जिलाधिकारी पद पर तैनात हैं। डीएम राजशेखर ने अपनी पत्नी और सास के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। सज्जन राजशेखर ने पत्नी सितारा जीएसएस और सास भारती वेंकटेशन पर रंगदारी मांगने सहित कई गंभीर आरोप मढ़े हैं। सिटी थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इसके अलावा राजशेखर ने जिला परिवार न्यायालय में तलाक की याचिका भी दायर की है। डीएम राजशेखर का आरोप है कि पत्नी और सास-ससुर रंगदारी की वसूली के लिए डरा-धमका रहे हैं। इससे वह काफी मानसिक तनाव में हैं। डीएम राजशेखर ने खुद पर घरेलू हिंसा और दहेज मांगने के लगे आरोपों को भी सिरे से खारिज कर दिया है। बिहार में यह मामला एकाएक सुर्खियों में आ गया है।
पत्नी भी करा चुकी हैं एफआईआर
डीएम सज्जन राजशेखर का अपनी पत्नी के साथ काफी समय से आपसी विवाद चल रहा है। डीएम की पत्नी सितारा ने इसके पूर्व जून में उन पर उत्पीड़न का आरोप लगाया था। सितारा ने घरेलू हिंसा और दहेज उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप मढ़कर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उधर, पति द्वारा पुलिस में शिकायत करने पर सितारा ने कहा है कि वह तलाक लेने को तैयार नहीं हैं। सितारा ने कहा कि राजशेखर ने मेरे और बेटे के भरण-पोषण के लिए आर्थिक मदद नहीं की है। सनद रहे कि डीएम सज्जन राजशेखर के ससुर पटना हाईकोर्ट में जज हैं।
















