बिहार में ब्राह्मण कल्याण बोर्ड के गठन का मुद्दा फिलहाल स्थगित, बिहार के उप मुख्यमंत्री रेणु देवी ने अखिल भारतवर्षीय ब्राहण महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण मिश्र से की चर्चा

– पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन से मधुबनी जिले के सड़क निर्माण कार्य को लेकर हुई चर्चा

उदय भूमि संवाददाता
पटना। बिहार में बाह्मण समाज के विकास के लिए ब्राह्मण कल्याण बोर्ड का गठन करने को लेकर पुन: चर्चा किए जाने का कार्यक्रम फिलहाल टल गया है। आगे यह कार्यक्रम जल्द होगा। लेकिन अभी इसकी तिथि निर्धारित नहीं हुई है। अखिल भारतवर्षीय ब्राहण महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण मिश्र बिहार में ब्राह्मण कल्याण बोर्ड के गठन को लेकर अभियान चला रहे हैं। बीते दिनों बिहार सरकार के मंत्रियों से मुलाकात कर इसके लिए समर्थन मांगा था। सत्ता पक्ष और विपक्ष के अलावा सभी प्रभावशाली लोगों के समक्ष ब्राहण कल्याण बोर्ड के गठन का मुद्दा उठाया था। जिसके बाद इसको लेकर सरकार द्वारा कवायद भी शुरू हुई। लेकिन किन्हीं कारणों के चलते ब्राहण कल्याण बोर्ड के मुद्दे को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। शुक्रवार को अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण मिश्र को बिहार के उप मुख्यमंत्री ने अपने आवास पर बुलाकर ब्राह्मण कल्याण बोर्ड के मुद्दे पर चर्चा की। महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण मिश्र के साथ कई घंटे चली वार्ता के बाद बिहार की उप-मुख्यमंत्री रेणु देवी ने जल्द बोर्ड का गठन करने का आश्वासन दिया।
उप मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद तरुण मिश्र ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा द्वारा केंद्रीय एवं प्रदेश स्तर पर ब्राह्मण कल्याण बोर्ड के गठन के लिए मुहिम चलाई जा रही है। बिहार सरकार ने नीति बनाकर ब्राह्मण कल्याण बोर्ड का गठन करने का कार्य जल्द शुरू करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने बताया कि ब्राह्मण समाज की आर्थिक स्थिति दिन-ब-दिन दयनीय होती जा रही है। जीविका पर भी बहुत बुरा असर पड़ा है, लेकिन सवर्ण होने के नाते उन्हें सरकार से कोई आर्थिक मदद नहीं मिल रही है। ब्राह्मण कल्याण बोर्ड की स्थापना होने से ब्राह्मण समाज की स्थिति में भी सुधार आएगा। पटना प्रवास के दौरान तरुण मिश्र ने बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन से भी मुलाकात की। मुलाकात के दौरान पथ निर्माण मंत्री से मधुबनी जिले के सड़क निर्माण कार्य को लेकर चर्चा की गई। पथ निर्माण मंत्री ने कई प्रस्तावित कार्य योजना को वित्तीय योजना में शामिल करने के आदेश दिए। तरुण मिश्र ने बताया कि मधुबनी जिले की सड़कें काफी हद तक अच्छी हंै, लेकिन ट्रैफिक लोड बढ़ जाने के कारण सड़क के चौड़ीकरण की जरूरत है। जिस पर पथ निर्माण मंत्री से चर्चा की गई। उन्होंने जल्द ही कार्ययोजना को वित्तीय योजना में शामिल कर निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया है।