गृहमंत्री अमित शाह गंभीर, कार्रवाई की कर रहे हैं मॉनिटरिंग
नई दिल्ली। जहांगीरपुरी हिंसा के बाद दिल्ली पुलिस एकाएक एक्शन में है। अब तक 14 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया है। फरार अन्य आरोपियों की सरगर्मी से तलाश चल रही है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह खुद पूरे मामले पर नजर रखे हैं। जहांगीरपुर क्षेत्र में हनुमान जन्मोत्सव शोभा यात्रा पर पथराव करने के पीछे सुनियोजित साजिश की आशंका से इंकार नहीं किया गया है। देश की राजधानी का माहौल बिगाड़ने में किस-किस का हाथ रहा, यह जानने की कोशिश में एजेंसियां जुट गई हैं।
दिल्ली के जहांगीरपुरी क्षेत्र में हिंसा में शामिल दर्जनभर से ज्यादा आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। सभी आरोपी एक समुदाय विशेष से ताल्लुक रखते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया है कि जामा मस्जिद के पास से शोभा यात्रा निकलने पर एक मुस्लिम युवक ने कुछ साथियों के साथ मिलकर बेवजह बखेड़ा खड़ा कराया था। यानी माहौल खराब करने की तैयारी पहले से कर ली गई थी। जहांगीरपुरी में फिलहाल तनावपूर्ण शांति है। एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।
हिंसा प्रभावित क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने को रैपिड एक्शन फोर्स भी तैनात की गई है। जहांगीरपुरी सी ब्लॉक में हनुमान जन्मोत्सव शोभा यात्रा पर पथराव किया गया था। आरोप है कि मकानों की छतों पर से भी पत्थर के अलावा कांच की बोतलों आदि से हमला किया गया था। कुछ हमलावरों ने वाहनों में तोड़फोड़ के अलावा उन्हें आग के हवाले कर पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। जहांगीरपुरी हिंसा के बाद केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस एक्शन में है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह खुद पूरे प्रकरण पर नजर रख रहे हैं।
उधर, जहांगीरपुरी हिंसा पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे का बयान सामने आया है। राज ठाकरे ने कहा है कि मुझे लगता है कि इस तरह की बातों का भी इसी तरह से जवाब दिया जाना चाहिए, नहीं तो वो लोग नहीं समझेंगे। उधर, उत्तर-पश्चिम दिल्ली से भाजपा सांसद हंस राज हंस ने कहा कि जहांगीरपुरी हिंसा के पीछे कुछ विदेशी ताकतें हो सकती हैं, जो भारत को कमजोर करना चाहती हैं।
















