प्राचीन महादेव मंदिर का हुआ भव्य श्रृंगार

-कानपुर के कलाकारों के झांकियों ने श्रृद्धांलुओं का मोहा मन, भंडारे का आयोजन

लालगंज (रायबरेली)। क्षेत्र के तौधकपुर उर्फ मिर्जापुर गांव में वरिष्ठ भाजपा नेता पशुपतिशंकर बाजपेई व उनके अनुज कार्तिकेय शंकर बाजपेई उर्फ गुड्डू ने गांव के प्राचीन महादेव मंदिर का श्रृंगार किया। इस दौरान भगवान महादेव की विधि-विधान पूर्वक पूजा अर्चना की गई। सरेनी से पधारे आचार्य दिनेश, आचार्य विमल व राजन पंडित ने वैदिक मंत्रोचार के साथ भगवान भोलेनाथ का सिंगार कराया। आयोजित कार्यक्रम में भक्तिमय भजन व कीर्तन सुनकर मौजूद लोग श्रद्धा से सराबोर दिखे। वरिष्ठ भाजपा नेता पशुपतिशंकर बाजपेई ने बताया प्राचीन महादेव मंदिर में शिवरात्रि पर्व पर पतित पावनी मां गंगा का जल लेकर शिवालयों की ओर केसरिया सैलाब उमड़ता है। पौराणिक और ऐतिहासिक महत्व रखने वाले तौधकपुर उर्फ मिर्जापुर गांव में महादेव की आस्था के अंकुर के रूप में मौजूद शिवालय में भक्ति का प्रस्फुटन होता है। कानपुर से पधारे कलाकारों की ओर से भव्य झांकियों का प्रस्तुतीकरण किया गया। जिनमें भगवान गणेश व भगवान भोलेनाथ की भस्म आरती वाली झांकी को ग्रामीणों ने भूरि भूरि सराहना की। पूजा अर्चना के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें क्षेत्र भर के तमाम श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। प्रसाद वितरण का यह क्रम देर शाम तक चलता रहा। इस मौके पर अमित सिंह, चक्रपाणि त्रिवेदी, कमल सिंह, प्रेम त्रिपाठी, विकास शुक्ला, आशुतोष उर्फ छोटू शुक्ला, अरुण पांडे सहित तमाम गणमान्य नागरिक व भक्त मौजूद रहे।