प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश के कैदियों का हुनर को सराहा, मंत्री ने भेंट किए कैदियों के स्वनिर्मित वस्तुएं
-जेल में बंद बंदियों में आ रहा बदलाव, पढ़ रहें गायत्री मंत्र एवं महामृत्युंजय मंत्र
लखनऊ/ नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के कारागार एवं होमगार्ड राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मवीर प्रजापति ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से दिल्ली में शिष्टाचार भेंट की। भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के ठीक एक दिन बाद प्रधानमंत्री से मुलाकात कर मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने वाजपेयी की कर्तव्यनिष्ठा और कार्य के प्रति ईमानदारी को अपना मूलमंत्र बताते हुए अपने विभाग की समीक्षात्मक प्रजेंटेशन एक बुकलेट प्रधानमंत्री को दिखाई। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को विभागीय उपलब्धियों पर तैयार की गई पुस्तक की एक प्रति के साथ बंदियों द्वारा मथुरा जिला कारागार में बने ठाकुरजी की पोशाक, जैन मुनियों के अंगवस्त्र, पटुका, शॉल, साड़ी अलीगढ़ जेल में बने लकड़ी के गदा व शिवलिंग, मेरठ जिला कारागार में बना फुटबाल एवं गाजियाबाद जेल के बंदियों द्वारा बनाए गई मोदी व गणेश की पेंटिंग, मोमबत्ती, दीए भेंट किए।

मंत्री ने बुकलेट के माध्यम से रक्षाबंधन, करवाचौथ, दीवाली, भाईदूज जैसे त्योहारों को मनाये जाने के बारे में भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अवगत कराया। प्रधानमंत्री ने किये गये कार्यों की सराहना करते हुए गंभीरता से सुना समझा और एक अभिभावक की तरह अपना स्नेह दिया। राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभारी धर्मवीर प्रजापति ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश की जेलें अब असल मायनों में सुधारगृह बन गई है हर एक कैदी कारागार से एक अच्छा इंसान बन के निकल रहा है।

उन्होंने अवगत कराया कि प्रदेश की जेलों में सुबह बंदी गायत्री मंत्र एवं महामृत्युंजय मंत्र पढ़ते हैं। इससे उनकी सोच में बड़े पैमाने पर बदलाव देखने को मिल रहा है। बंदियों को अपने किये पर पछतावा हो रहा है और वे सकारात्मक सोच से अपना काम कर रहे हैं एवं आपसी भाईचारा बनाए रखे हैं। बंदियों के खान-पान में सुधार किया गया है। उन्हें प्रतिदिन सुबह और शाम को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता में इतना सुधार हुआ है कि फतेहगढ़ जेल में भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण एफएसएसएआई ने फाइव स्टार रेटिंग दी है।

इसी तरह होमगार्ड विभाग में मुख्यमंत्री के निर्देशों का अनुपालन भी सुनिश्चित कराया जा रहा है। हाल ही में होमगार्ड विभाग ने धूमधाम से अपना हीरक जयंती समारोह मनाया। प्रदेश के एक लाख 18 हजार होमगार्डों को किसी तरह की समस्या होती है तो वे सीधे मुझसे या विभाग के शीर्ष अधिकारियों से मिल रहे हैं। गृह विभाग से संबद्ध 34 हजार होमगार्ड जवानों को अब उनके अपने विभाग से ही वेतन दिया जा रहा है।

राज्य सरकार ने पहली बार होमगार्ड विभाग के लिए अलग से बजट की व्यवस्था की है। मंत्री ने अपनी भावनाएं व्यक्त की और कहा की होमगॉर्ड्स स्वयंसेवक हैं और हर एक स्वयंसेवक का दर्जा सर्वोच्च होना चाहिए, जिसको सुनिश्चित करने के लिए मैं निरंतर पूरी श्रद्धा व निष्ठा से कार्य कर रहा हूं। अंत में प्रधानमंत्री ने उन्हें बेहतर भविष्य की लिए शुभकामनाएं दीं।
















