भाजपा प्रदेशाध्यक्ष को ब्राह्मण समाज की चिंताओं से तरुण मिश्र ने कराया अवगत

-स्वतंत्र देव सिंह से राष्ट्रीय महामंत्री ने मुलाकात की

लखनऊ। अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण मिश्र ने लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह से उनके आवास पर जाकर मुलाकात की। इस दौरान उत्तर प्रदेश में ब्राह्मणों की उपेक्षा का मुद्दा गंभीरता के साथ उठाया गया। तरुण मिश्र ने इस बात पर जोर दिया कि उप्र सरकार को इस बारे में सोच-विचार कर उचित कदम उठाना चाहिए। इसके अलावा लखनऊ में 17 अक्टूबर को ब्राह्मण सम्मेलन का आयोजन किए जाने पर विचार चल रहा है। इस बावत भी स्वतंत्र देव सिंह को अवगत कराया गया। अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण मिश्र निरंतर देश-विदेश का दौरा कर रहे हैं। ऐसे में वह ब्राह्मण समाज को संगठित करने और विभिन्न समस्याओं के निराकरण पर बल दे रहे हैं। इसी सिलसिले में उन्होंने अब लखनऊ जाकर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह से मुलाकात की है। तरुण मिश्र ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आजकल ब्राह्मणों की उपेक्षा हो रही है या ऐसा माहौल बना दिया गया है। इससे ब्राह्मण समाज बेहद चिंतित है। इस विषय में स्वतंत्र देव सिंह को जानकारी दी गई। तरुण मिश्र का कहना है कि लखनऊ में उन्होंने विभिन्न ब्राह्मण संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की थी। सभी संगठन समाज की उपेक्षा को लेकर चिंतित दिखाई दिए। इन संगठनों की चिंता और भावनाओं की जानकारी भी स्वतंत्र देव सिंह को दी गई। तरुण मिश्र का कहना है कि सत्ताधारी सरकार को इस मुद्दे पर गंभीरता से सोच-विचार करना चाहिए। कहीं ऐसा न हो कि आगामी चुनाव में सत्ताधारी दल को इसका खामियाजा भुगतना पड़ जाए। उन्होंने बताया कि अखिल भारवर्षीय ब्राह्मण महासभा द्वारा लखनऊ में 17 अक्टूबर को ब्राह्मण सम्मेलन का आयोजन करने पर विचार किया गया है। भव्य स्तर पर यह सम्मेलन कराए जाने पर विचार हो रहा है। इस बिंदु से भी भाजपा प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को अवगत कराया गया है।