ठेकेदार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अजय त्यागी को मिली जमानत, ठेकेदारों ने जताई प्रसन्नता

अजय त्यागी को हाईकोर्ट से मिली जमानत, मुरादनगर हादसे के कारण लंबे समय से जेल में थे बंद। अजय त्यागी को जमानत मिलने पर परिवार के सदस्य एवं मित्रों के अलावा नगर निगम के ठेकेदारों ने भी प्रसन्नता जताई है। अजय त्यागी लंबे समय तक ठेकेदार एसोसिएशन के अध्यक्ष रहे हैं और मुरादनगर शमशानघाट हादसे की वजह से जेल में बंद थे। अजय त्यागी के साथ-साथ संजय गर्ग को भी जमानत मिल गई है।

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद।
गाजियाबाद नगर निगम कॉट्रैक्टर वेलफेयर एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अजय त्यागी को जमानत मिल गई है। हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद शुक्रवार को जेल से रिहा हो गये थे। शनिवार को वह गाजियाबाद अपने घर आ गये। अजय त्यागी को जमानत मिलने पर परिवार के सदस्य एवं मित्रों के अलावा नगर निगम के ठेकेदारों ने भी प्रसन्नता जताई है। अजय त्यागी लंबे समय तक ठेकेदार एसोसिएशन के अध्यक्ष रहे हैं और मुरादनगर शमशानघाट हादसे की वजह से लंबे समय से जेल में बंद थे। अजय त्यागी के साथ-साथ संजय गर्ग को भी जमानत मिल गई है।

ज्ञात हो कि 2 जनवरी 2021 को हुई जोरदार बारिश में मुरादनगर शमशानघाट में निर्माणाधीन लेंटर गिर गया था। लेंटर गिरने से शमशान घाट में मौजूद कई लोग उसमें दब गई और उनकी मौत हो गई। इस मामले में मुरादनगर थाने में मुरादनगर नगर पालिका की ईओ निहारिका सिंह, जेई सीपी सिंह, सुपरवाइजर आशीष, ठेकेदार अजय त्यागी के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इस मामले में सबसे पहले ईओ निहारिका चौहान को जमानत मिली थी। ईओ को इस आधार पर जमानत मिली थी कि उनका कोई क्रिमिनल हिस्ट्री नहीं है। सबूतों के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं करेंगी। सुनवाई की हर तारीख पर कोर्ट के समक्ष उपस्थित रहेंगी। बाद में इसी आधार पर सीपी सिंह को भी जमानत मिली थी। हाईकोर्ट ने इस मामले के अन्य आरोपी अजय त्यागी को भी शुक्रवार को जमानत दे दी।

Sheel-Kaushikअजय त्यागी को जमानत मिलने पर नगर निगम के ठेकेदारों ने प्रसन्नता जताई है। वरिष्ठ ठेकेदार शील कौशिक ने कहा कि मुरादनगर हादस बड़ा ही दुखद हादस था। उस घटना ने सभी को दुखी किया था। शमशनघाट में कच्ची मिट्टी होने और उसके आसपास पानी जमा हो जाने के कारण हादसा हुआ था। अजय त्यागी भी घटना से बेहद आहत हुए थे और वह लंबे समय से जेल में थे। हाईकोर्ट ने अजय त्यागी और संजय गर्ग को जमानत पर रिहा किया है। अजय त्यागी ठेकेदार एसोसिएशन के पूर्व में अध्यक्ष भी रहे हैं। संजय गर्ग एक अच्छे ठेकेदार हैं। ऐसे में हाईकोर्ट के फैसले से हम ठेकेदारों को प्रसन्नता हुई है।

वरिष्ठ ठेकेदार चंद्र मोहन रघुवंशी ने कहा कि मुरादनगर हादसे से हम सभी लोग सिहर उठे थे। लेकिन हम सभी जानते हैं कि वह एक दुखद हादसा था। कभी कोई ठेकेदार नहीं चाहता है कि जहां उसने काम किया है वहां कोई हादसा या दुर्घटना हो। लेकिन सभी बातें हमारे वश में नहीं होती हैं। हादसे के बाद से अजय त्यागी लंबे समय से जेल में बंद थे। ऐसे में उन्हें जमानत मिलने और जेल से रिहा होने पर हम सभी गाजियाबाद नगर निगम के ठेकेदार खुश हैं।