मानसून से पहले निगम 10 तालाबों का करेगा जीर्णोद्धार, वर्षा जल संचयन होगा संभव

-निगम अधिकारियों ने लिया तालाबों का जायजा, जलकुंभी निकालने का काम शुरु
-वर्षा जल संचयन के लिए तेजी से हो तालाबों का जीर्णोद्धार: नगर आयुक्त

गाजियाबाद। तालाबों का नए सिरे से जीर्णोद्धार कर वर्षा जल संचयन के लिए नगर निगम ने काम शुरू कर दिया है। नगर निगम की ओर से 10 तालाबों का जीर्णोद्धार किया जाएगा। जिसमें मानसून से पहले शहर के कई तालाबों को व्यवस्थित किया जा सकें। शहर के तालाबों की मानसून से पहले सफाई कराने के लिए नगर निगम ने सफाई का कार्य शुरू कर दिया है। गुरुवार को नगर निगम के जलकल विभाग के महाप्रबंधक केपी आनंद ने सहायक अभियंता आस कुमार व अवर अभियंता अजय कुमार सिंह के साथ तालाबों की सफाई का जायजा लेने के लिए पहुंचे। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह के निर्देश पर निगम ने तालाबों से जलकुंभी निकालने के साथ सफाई अभियान शुरू कर दिया है।
नगर आयुक्त का कहना है कि वर्षा जल संचयन के लिए तेजी से तालाबों का जीर्णोद्धार का कार्य कराया जा रहा हैं।

मानसून से पहले शहर के कई तालाबों को व्यवस्थित किया जाना है। शहर के लगभग 10 तालाबों का जीर्णोद्धार कराया जाएगा। इसलिए इनकी सफाई का कार्य शुरू कर दिया गया है। जलकल विभाग के महाप्रबंधक केपी आनंद ने बताया कि नगर आयुक्त के निर्देश पर अमृत योजना के तहत सीएसआर फंड से तालाबों की सफाई का कार्य शुरू कर दिया गया है। शहर के लगभग 10 तालाबों का चयन कर कार्य शुरू कराया गया है। इनमें तालाबों में रमतेराम रोड स्थित पक्का तालाब, गांव नायफल का तालाब, सदरपुर का तालाब, मोरटा स्थित तालाब को व्यवस्थित कराया जा रहा है। इनमें से जलकुंभी निकाली जा रही है। इसके साथ ही उपकरणों के माध्यम से और सफाई कर्मियों से सफाई कराई जा रही है। तालाबों की सफाई लगभग 1.76 करोड़ रुपए की लागत से कराई जाएगी।

इन तालाबों की सफाई के साथ-साथ लाइट की व्यवस्था, लोगों के बैठने के लिए बैंच और घूमने के साथ फुटपाथ की व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जाएगा। शहर के इन 4 प्रमुख तालाब की सफाई आदि कार्य 2 जून तक पूरा कराने के लिए टीम को निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही निगम द्वारा गांव दुहाई स्थित दो तालाब तथा अवंतिका स्थित तालाब पर कार्य तेजी से चल रहा है। गांव महरौली, बयाना, सिकरोड़ के तालाब को भी व्यवस्थित कराया जाएगा। बरसात से पूर्व वर्षा जल संचयन के लिए इन तालाबों को व्यवस्थित कराया जा रहा है। इसकी मॉनिटरिंग जलकल विभाग के अधिकारी रोजाना कर रहे हैं।