नगर निगम 1245 दुकानों का बढाएगा किराया

गाजियाबाद। नगर निगम आमदनी बढ़ाने को अपनी दुकानों के किराए में वृद्धि करेगा। नगर निगम ने 1245 दुकानों को किराए पर दे रखा है, मगर कई साल से इनका किराया नहीं बढ़ाया गया है। म्युनिसिपल कमिश्रर महेंद्र सिंह तंवर ने दुकानों का किराया बढ़ाने को संपत्ति विभाग से दुकानों का डाटा मांगा है। किराए से आने वाली धनराशि को शहर में विकास कार्यों पर खर्च किया जाएगा। मेयर आशा शर्मा एवं म्युनिसिपल कमिश्रर महेंद्र सिंह तंवर के समक्ष पूर्व में हुई बोर्ड बैठक में पार्षदों ने दुकानों का किराया बढ़ाने की मांग की थी। इनमें काफी संख्या में ऐसे भी दुकानदार हंै, जो निगम को किराया भी नहीं दे रहे हैं। ऐसे दुकानदारों को नोटिस भेजे गए। इसके बाद भी किराया नहीं दिया तो इनके खिलाफ अब कार्रवाई की जाएगी। नगरायुक्त का कहना है कि नगर निगम ने करीब 1245 दुकानों को किराए पर दे रखा है, मगर इनका पिछले कई साल से किराया नहीं बढ़ाया गया। इन सभी दुकानों का अब किराया बढ़ाने की प्लानिंग की गई है। इन सभी दुकानों की संपत्ति विभाग से जानकारी मांगी गई है। सूची मिलने के बाद दुकानदारों को जल्द किराया बढ़ाने के लिए नोटिस जारी किए जाएंगे। अगर कोई दुकानदार किराया बढ़ाने का विरोध करता है तो वह दुकान खाली कर दें। जिन दुकानदारों द्वारा किराया नहीं दिया जा रहा है, उनकी लीज डीड कैंसिल की जाएगी। दुकानों का किराया बढ़ाकर नगर निगम की आय में वृद्धि की जाएगी ताकि शहर में विकास कार्य कराए जा सकें।