मेयर और म्युनिसिपल कमिश्नर ने सुबह-सुबह दी लोगों के घरों पर दस्तक

स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 को लेकर शुरू हुई गाजियाबाद नगर निगम की डोर टू डोर कैंपेनिंग

गाजियाबाद। मेयर आशा शर्मा और म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर शुक्रवार को ट्रांस हिंडन क्षेत्र के वसुंधरा सेक्टर-2 में पहुंचे। इस दौरान घर-घर जाकर नागरिकों से कूड़ा सेगरिगैसन, होम कंपोस्ट एवं स्वच्छता में शहर का सहयोग करने की अपील की गई। मोहन मिकिन सोसाइटी सेक्टर-5 वसुंधरा में नागरिकों द्वारा वेस्ट प्लास्टिक को एकत्र करके दिया गया। इसके लिए मेयर एवं म्युनिसिपल कमिश्नर ने सभी का आभार व्यक्त किया। साथ आगे भी इसी प्रकार कार्य करने एवं पूरी कॉलोनी को भी इस प्रयास के लिए तैयार करने की अपील की। बता दें कि स्वच्छता सर्वेक्षण-2021 के मद्देनजर शहर में स्वच्छता अभियसान चलाया जा रहा है। इसके तहत नागरिकों को सफाई व्यवस्था बनाए रखने को प्रेरित किया जा रहा है। मेयर आशा शर्मा और म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर प्रतिदिन विभिन्न क्षेत्रों में जाकर नागरिकों को जागरूक कर रहे हैं। स्वच्छता सर्वेक्षण-2021 में शहर की अव्वल रैंकिग के लिए नगर निगम हरसंभव प्रयास कर रहा है। नाले-नालियों की साफ-सफाई के अलावा नियमित रूप से कूड़ा लिफ्टिंग का काम हो रहा है। स्वच्छता अभियान में पार्षदों और नागरिकों का भरसक सहयोग प्राप्त हो रहा है। मेयर आशा शर्मा का कहना है कि शहर को साफ-सुथरा एवं खूबसूरत बनाने में जनसहयोग बेहद जरूरी है। नागरिकों को अपने घर के भीतर और बाहर नियमित रूप से साफ-सफाई करनी चाहिए। आस-पड़ोस के नागरिकों को भी इसके लिए प्रेरित किया जाए।