-तीसरे चरण की दूसरी डोज और 45 से अधिक वालों का होगा वैक्सीनेशन
गाजियाबाद। स्वास्थ्य विभाग पर एक अप्रैल से अधिक लोगों का टीकाकरण करने का दबाव बढ़ जाएगा। एक अप्रैल से तीसरे चरण में ऐसे बुजुर्गों और गंभीर बीमारी से ग्रस्त लोगों को दूसरी डोज दी जाएगी, जो पहली डोज ले चुके हैं। इसके अलावा नए निर्देश के बाद 45 से अधिक आयु वालों का भी टीकाकरण शुरू हो जाएगा। जिसके बाद टीकाकरण केंद्रों पर लोगोंं की संख्या में तेजी से इजाफा होगा। जिसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग 30 टीमें और तैनात करेगा। जिससे केंद्रों पर लाभार्थियों को समय से कोरोना का टीका लगाया जा सके। एक मार्च से तीसरे चरण का टीकाकरण शुरू हो चुका है। एक मार्च को 281 बुजुर्गों को टीका लगाया गया। इसके बाद 4 मार्च से सुचारू रूप से टीकाकरण शुरू किया गया। जिले में अब तक करीब 80 हजार से अधिक लाभार्थियों का टीकाकरण किया जा चुका है। वहीं, केंद्र सरकार के निर्देश के बाद अब 45 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों का टीकाकरण एक अप्रैल से शुरू किया जाएगा। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। सूत्रों की मानें तो 45 से 59 उम्र के करीब 4 लाख लोगों का टीकाकरण किया जाएगा। एक अप्रैल से बुजुर्गों को दूसरी डोज भी दी जाएगी। इसके अलावा पूर्व की तरह पहली डोज भी लाभार्थियों को लगाई जाएगी। जिससे टीकाकरण केंद्रों पर लाभार्थियों को दबाव बढ़ेगा। इससे निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग 30 टीमें और टीकाकरण कार्य में उतारेंगा। अभी सरकारी स्तर पर 43 सेंटरों पर 49 टीमें कार्य कर रही है। जबकि 31 प्राइवेट हॉस्पिटल में टीकाकरण किया जा रहा है।
















