-पंचायत चुनाव में शराब और कवाब की जुगलबंदी रोकने के ठोस प्रयास
-दिन ही नही रात में भी खूब दौड़ रहे एक्साइज डिपार्टमेंट के अफसर
-15 लाख की शराब बरामद, 30 ली0 कच्ची शराब बरामद कर 2500 कि0ग्रा0 लहन को किया नष्ट
-दो आरक्षियों ने शराब और तस्कर को छोडऩे की एवज में मांगी चार लाख की रिश्वत
गाजियाबाद। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव ने गाँव-देहात की रौनक में चार चांद लगा दिए हैं। कोई चुनाव लड़ रहा है, तो कोई लड़वा रहा है। मगर पंचायत चुनाव में दस्तूर बन गया है कि दिन भर प्रचार-प्रसार और रात को शराब और कबाब का दौर चलता है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दावेदार जब वोटरों को रिझाने की कोई कसर नहीं छोडऩे का मन बनाते हैं तो सबसे पहले उनका ध्यान मुर्गा और दारू पर जाता है। दिन में जहां स्थानीय जोड़तोड़ से वोट की सेटिंग होती है, वहीं रात के अंधेरे में दावतों का दौर चलता है। वहीं चुनाव में मोटा मुनाफा कमाने के लिए शराब माफिया भी पूरी तरह सक्रिय नजर आ रह है। यही वजह है कि इन शराब माफियाओं और आबकारी विभाग की टीम के बीच चोर-पुलिस का खेल शुरू हो गया है। कच्ची शराब के माफिया जहां अवैध शराब के धंधे को जोर-शोर के साथ चला रहे हैं तो वहीं आबकारी विभाग की टीम लगातार उनके ठिकानों पर कच्ची शराब और लहन नष्ट कर उनके मंसूबे को पूरी तरह से ध्वस्त करने में जुटी है। जनपद में पंचायत चुनाव के मद्देनजर आबकारी विभाग का जिले में विशेष अभियान जारी है। प्रदेश के आबकारी आयुक्त एवं संयुक्त आबकारी आयुक्त मेरठ जोन के निर्देश पर छापेमार कार्रवाई की जा रही है।
जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया आबकारी निरीक्षक सेक्टर-2 त्रिभुवन सिंह, सेक्टर-3 निरीक्षक सीलम मिश्रा और मुरादनगर थाना प्रभारी अमित कुमार की संयुक्त टीम ने दुहाई पेरीफेरल चेक प्वाइंट रोड पर चेकिंग के दौरान मिल्क वेन टाटा-407 गाड़ी से 71 बोतल नाइट ब्लू व्हिस्की, 3000 पौवे देशी शराब मार्का असली संतरा एवं 360 केन ट्यूबर्ग प्रीमियम बियर बरामद किया।
वहीं मौके से तस्कर कुलबीर पुत्र वेद प्रकाश निवासी राजेंद्र कॉलोनी रोहतक हरियाणा को गिरफ्तार को गिरफ्तार किया गया। वहीं चेकिंग के दौरान आबकारी निरीक्षक आशीष पांडेय एवं घटांघर थाना प्रभारी संदीप सिंह की संयुक्त टीम ने लग्जरी गाड़ी होण्डा सिटी कार में हरियाणा से तस्करी कर ला रहे तस्कर अरुण पुत्र सुरेश निवासी जैनपुर मुरथल सोनीपत हरियाणा को गिरफ्तार किया गया। जिसकी गाड़ी से 7 पेटी में 336 पौवे मेग डॉवल नंबर वन, 10 पेटी में 240 हाफ मेग डॉवल नंबर वन और 7 पेटी में 78 बोतल मेग डॉवल नंबर वन हरियाणा मार्का बरामद किया गया। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया मुरादनगर एवं लालकुआं क्षेत्र से बरामद शराब की कीमत करीब 15 लाख रूपए है। तस्कर इतने सतर्क हो गये है कि शराब तस्करी मोटा मुनाफा कमाने के लिए कोई कोर कसर नही छोड़ रहे है।
मुरादनगर में पकड़ा गया तस्कर मिल्क वैन की गाड़ी में शराब की तस्करी कर रहा था और लालकुआं में पकड़ा गया तस्कर पुलिस चेकिंग से बचने के लिए लग्जरी गाड़ी का प्रयोग कर रहा था। उधर एसडीएम लोनी शुभांगी शुक्ला के नेतृत्व में लोनी सीओ अतुल कुमार सोनकर, आबकारी निरीक्षक सीलम मिश्रा सेक्टर-3, आबकारी निरीक्षक टी.एस. ह्यांकी सेक्टर-2, आबकारी निरीक्षक विवेक दुबे प्रवर्तन मेरठ, आबकारी निरीक्षक सेक्टर-4 आशीष पाण्डये एवं लोनी थाना प्रभारी ओपी सिंह की संयुक्त टीम ने महमूदपुर, भनेड़ा, मथुरापुर, शमशादपुर तथा भूपखेड़ी में संदिग्ध स्थलों पर छापेमारी की कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान महमूदपुर तथा शमशादपुर हिंडन नदी खादर से 30 ली0 कच्ची शराब बरामद की गई और करीब 2500 कि0ग्रा0 लहन को मौके पर नष्ट किया गया।
एसडीएम शुभांगी शुक्ला का कहना है कि अवैध रूप से शराब बनाने वाले शराब माफियाओं के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। पंचायत चुनाव में खपाने के लिए हरियाणा से अवैध शराब ला रहे तस्करों पर कार्रवाई जारी हैं।
शराब छुड़ाने की एवज में दो आरक्षियों ने मांगी चार लाख की रिश्वत-
शराब माफियाओं की कमर तोडऩे के लिए आबकारी विभाग ने पूरी तरह शिकंजा कसा हुआ है। जिसके तहत पंचायत चुनाव में खपाने के लिए हरियाणा से अवैध शराब ला रहे तस्करों पर रोजाना कार्रवाई की जा रहीं है। वहीं मुरादनगर में आबकारी एवं मुरादनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने इधर तस्कर को गिरफ्तार कर अवैध शराब को बरामद किया। तो वहीं शराब एवं तस्कर को छुड़ाने की एवज में दो आरक्षियों ने उसके फोन से उसके मालिक को फोन मिलवाकर चार लाख रुपये की रिश्वत शराब छोडऩे के बदले मांगी। उसके बाद मालिक द्वारा इतने पैसे देने में असमर्थता जाहिर की गई तो इसके बाद एक लाख रुपये में शराब व गाड़ी छोडने की बात तय हुई। किन्तु उसके बाद भी बात नहीं बनी तो आरक्षी ने टोल बूथ के अंदर ले जाकर कुलबीर की जेब से सारे रुपए ले लिये।
कुलबीर ने पूछताछ में बताया कि उससे जो रुपए आरक्षी संदीप और मदन पाल ने लिये है। उसमें 500-500 के 08 नोट व इनके बीच में 02 नोट नेपाल के भी हैं। जिसमें एक नोट 10 रुपये का व एक नोट 5 रुपये का है। आबकारी निरीक्षक सेक्टर-2 त्रिभुवन सिंह ने बताया जब तस्कर ने पूछताछ की गई तो उसने छोडऩे की एवज में सिपाही को चार हजार रूपए देने की बात कहीं। जब सिपाही की तलाशी ली गई तो उसकी जेब से रिश्वत के चार हजार एवं दो नोट नेपाल के बरामद किए गये। उन्होने बताया मुरादनगर थाने में संदीप कुमार एवं मदनपाल आरक्षी प्रवर्तन मेरठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। संदीप को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि मदन पाल मौके से फरार हो गया।















