बैलेट पेपर पर बदल गया चुनाव चिन्ह, 2 घंटे रुका मतदान

मुरादनगर। क्षेत्र पंचायत सदस्य बीडीसी का चुनाव लड़ रही प्रत्याशी का चुनाव चिन्ह बैलट पेपर पर गलत प्रकाशित होकर आ गया। जिसको लेकर लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया और मतदान बंद करा दिय।ा सूचना पर पहुंचे उच्चाधिकारियों ने मतदाताओं समर्थकों को किसी तरह समझा-बुझाकर शांत करते हुए आवंटित चुनाव चिन्ह के बैलट पेपर की व्यवस्था कर मतदान दोबारा प्रारंभ कराया। इस दौरान लगभग 2 घंटे मतदान बंद रहा, प्रत्याशी द्वारा मतदान का समय बढ़ाए जाने की मांग पर अधिकारियों ने बूथों पहुंचे पर सभी मतदाताओं के वोट डलवाने का आश्वासन दिया। मुरादनगर वार्ड संख्या 50 जलालपुर रघुनाथपुर सहविश्वा गांव से बीडीसी सदस्य का चुनाव लड़ रही प्रत्याशी सीमा पत्नी लख्मीचंद को आटा चक्की चुनाव आवंटित किया गया था। जबकि बैलेट पेपर पर अंगूठी छपा आया, मतदान शुरू होने के कुछ देर बाद ही बैलेट पेपर की गलती प्रत्याशी समर्थकों मतदाताओं को पता चली जिस पर वहां हंगामा हो गया।
पंचायत चुनाव में मतदान केन्द्र में स्कूटी से पहुंची बसपा प्रत्याशी:
क्षेत्र के गांव जलालाबाद में पंचायत चुनाव के दौरान मतदान केंद्र पर स्कूटी लेकर पहुंचे युवक को पुलिसकर्मियों ने थप्पड़ जड़ दिया। इसको लेकर काफी देर तक हंगामा हुआ। वार्ड नंबर-9 से बसपा की जिला पंचायत प्रत्याशी नीतू चौधरी अपने साथ परिवार के ही एक लड़के को स्कूटी से साथ लेकर जलालाबाद मतदान केंद्र पर पहुंच गईं। मतदान केंद्र पर वाहन ले जाना मना है, जिसके चलते ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने स्कूटी चला कर ले गए लड़के को थप्पड़ मार दिया। मतदान केंद्र पर उपस्थित महिलाएं एवं ग्रामीणों ने इसका विरोध किया और काफी देर तक हंगामा काटा। मामला को तूल पकड़ता देख लोगों ने और पुलिस बुला ली। जिसके बाद मामले को शांत करा दिया गया।