– 638 ऑक्सीजन सिलेंडर समेत फैक्ट्री कर्मचारी गिरफ्तार
गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण के बढ़ते केस और ऑक्सीजन की भारी किल्लत के चलते जिले में ऑक्सीजन सिलेंडरों की कालाबाजारी चरम पर हो रही है। ऐसे ही एक मामले में लिंकरोड थाना पुलिस ने मालिक के कहने पर फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मचारी ऑक्सीजन के छोटे सिलेंडर को 10 हजार रुपए और बड़े सिलेंंडर को 30 हजार रुपए में बेचकर कालाबाजारी करते हुए पुलिस ने गिरफ्तार किया है। डीआईजी/एसएसपी अमित पाठक को ऑक्सीजन सिलेंडर की कालाबाजारी करने की शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम गठित की। पुलिस टीम ने छापेमारी कर आरोपी को छोटे-बड़े 638 खाली ऑक्सीजन सिलेंडर जब्त कर आरोपी को धर दबोचा। एसपी सिटी प्रथम निपुण अग्रवाल ने बताया कि लिंकरोड थाना प्रभारी निरीक्षक रण सिंह ने टीम के साथ ऑक्सीजन सिलेंडर की कालाबाजारी पर साईट-4 बी-38 साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र गोपाल इंटरप्राइजेज फैक्ट्री में छापा मारा। छापेमारी के दौरान फैक्ट्री कर्मचारी समीर उर्फ सलीम पुत्र स्वर्गीय लईक अहमद निवासी मकान नंबर-1/628 ए शीलता माता मंदिर मार्ग रोहताश नगर शाहदरा दिल्ली को खाली ऑक्सीजन सिलेंडर की कालाबाजारी करते हुए गिरफ्तार किया गया।जबकि फैक्ट्री मालिक जय गोपाल मेहता पुत्र स्वर्गीय कृष्ण लाल मेहता निवासी बी-9 स्वास्थ्य विहार प्रीत विहार दिल्ली फरार है। लिंकरोड थाना प्रभारी निरीक्षक रण सिंह ने बताया कि पुलिस पूछताछ में समीर ने बताया कि जय गोपाल इंटरप्राइजेज कंपनी में नौकरी करता है। फैक्ट्री मालिक जय गोपाल मेहता के कहने पर ऑक्सीजन सिलेंडरों की कालाबाजारी कर रहा था। खाली छोटे सिलेंडर को 10 हजार रुपए और बड़े सिलेंडर को 30 हजार रुपए में बेचता था। इसके पास से छोटे-बड़े 638 ऑक्सीजन सिलेंडर खाली बरामद किए गए। इसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा-3/7 के तहत मुकदमा दर्ज कर इसे जेल भेजा गया।
















