-व्यवस्थाओं की जांच, 35 बेड कंट्रोल रूम के हवाले
गाजियाबाद। जनपद के कोविड-19 नोडल अधिकारी सैन्थिल पंडियन सी एवं जिलाधिकारी द्वारा दिए गए निर्देशों पर नगर में विभिन्न अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान रेमेडिसिवर की उपलब्धता एवं 10 प्रतिशत बेडों के इंटीग्रेटेड कोविड कंट्रोल रूम हेतु आरक्षण किए जाने तथा बिना लक्षण के मरीजों का अस्पताल में भर्ती किए जाने को लेकर सुनिश्चितता की जांच की गई।
इस क्रम में एसपी देहात डा. ईरज राजा, एसडीएम खालिद अंजुमन एवं नगर स्वास्थ्य अधिकारी गाजियाबाद नगर निगम/नोडल अधिकारी प्राइवेट हॉस्पिटल डॉ. मिथिलेश कुमार एवं ड्रग इंस्पेक्टर दीपा लाल द्वारा निरीक्षण किया गया। इस दौरान नरेंद्र मोहन हॉस्पिटल गाजियाबाद, अटलांटा हॉस्पिटल वैशाली, लेक्रिस्ट हॉस्पिटल वसुंधरा का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण में विभिन्न बिंदुओं जैसे अस्पताल में प्रशासन द्वारा वितरित किये जाने हेतु रेमेडिसिवर के शत प्रतिशत धनात्मक मरीजों तक उपलब्धता कराए जाने, साथ मरीज जो बिना लक्षण के हैं उनको तत्काल डिस्चार्ज करके गंभीर मरीजों के भर्ती के निर्देश दिए गए। साथ ही 10 प्रतिशत आईसीयू एवं वार्ड बेड्स के कोविड कंट्रोल रूम के द्वारा भर्ती करने के लिए निर्देशित किया गया।
भ्रमण किए गए अस्पतालों द्वारा पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया गया। साथ ही 35 बेड जिसमे 6 आईसीयू बेड सम्मिलित हैं को इंटीग्रेटेड कोविड कंट्रोल रूम गाजियाबाद हेतु तत्काल आवंटित कर दिया गया है। टीम द्वारा कोविड धनात्मक मरीजों के इलाज में रेमेडिसिवर को नियमानुसार ही प्रिसक्राइव करने का सुझाव दिया गया, जिससे केवल आवश्यकतानुसार मरीजों की सहायता ससमय की जा सके।
















