उदय भूमि ब्यूरो
हापुड़/धौलाना।
सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस का उल्लंघन करते हुए बागपत पुलिस द्वारा एक वकील आकिब अली के साथ मारपीट व दुर्व्यवहार करने से क्षुब्ध हापुड़ तथा धौलाना के वकीलों ने कामकाज ठप कर आरोपी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की है। हापुड़ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल व सचिव अशोक कुमार गिरि ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजे पत्र में कहा कि बागपत पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस का उल्लंघन किया है। वकील के साथ दुर्व्यवहार व मारपीट गलत है। अधिवक्ताओं ने दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। धौलाना बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जसवीर सिंह उर्फ सोनू राणा तथा सचिव संजीव कुमार सागर ने कहा कि पुलिस की कार्यवाही पूर्णतया अमानवीय असंवैधानिक तथा बर्बरता पूर्ण है। जिसकी जितनी भर्त्सना की जाए कम है। पुलिसकर्मियों पर उचित धाराओं में कार्रवाई होनी चाहिए। सभी वकील कार्य से विरत रहे।
















