-खेलों को बढ़ावा देने के लिए ग्रामीण क्षेत्र में बनाए जा रहे मैदान: डीएम
-रईसपुर गांव में 10 खेलों के लिए 27 बीघा जमीन में बनाए गए स्टेडियम का उद्घाटन
गाजियाबाद। नगर निगम के वार्ड-53 रईसपुर गांव में 10 खेलों के लिए 27 बीघा जमीन में बनाए गए स्टेडियम का रविवार को उद्घाटन हो गया। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह ने महापौर आशा शर्मा,जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह,अपर नगर आयुक्त आरएन पांडेय एवं भारतीय कृषक समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. कृष्णवीर चौधरी, पार्षद मनोज चौधरी, पीसीएस अधिकारी पूनम चौधरी, वंदना चौधरी, अपर नगर मजिस्ट्रेट चंद्रेश सिंह, संजय सिंह खुटैल आदि की मौजूदगी में फीता काटकर शिलापट का उद्घाटन किया।
जनरल वीके सिंह ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार खेलों को लगातार बढ़ावा दे रही हैं। रईसपुर गांव में 27 बीघा जमीन पर स्टेडियम बनने से ग्रामीण क्षेत्र के खिलाडिय़ों को बढ़ावा मिलेगा। खेलों में क्रांति आएगी। उन्होंने कहा कि यह ग्रामीण क्षेत्र में पहला इतना बड़ा स्टेडियम है। इस स्टेडियम का परमवीर चक्र विजेता के नाम पर रखा जाएगा। केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह ने कहा कि स्टेडियम में सांसद निधि से ओपन जिम बनाई जाएगी। स्टेडियम में ट्रैक और अन्य काम पर अभी 56 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। केंद्रीय लोक निर्माण विभाग ने स्टेडियम तैयार कराया है। यह विभाग ही स्टेडियम की देखरेख और कोच का इंतजाम करेगा। उद्घाटन के बाद स्टेडियम में दौड़ प्रतियोगिता हुई। इसमें खिलाडिय़ों ने दमखम दिखाया। माहमाया स्टेडियम के बाद शहर का दूसरा बड़ा स्टेडियम होगा।
जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेलों को बढ़ावा देने के लिए खेल के मैदान बनाए जा रहे है। रईसपुर गांव में 27 बीघा जमीन पर स्टेडियम बनने से गांव के खिलाडिय़ों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। इसके लिए पार्षद मनोज चौधरी समेत सभी बधाई के पात्र है। महापौर आशा शर्मा ने कहा कि निगम सीमा क्षेत्र में शहर का दूसरा सबसे बड़ा स्टेडियम बनने से खुशी है। इससे खिलाडिय़ों को बढ़ावा मिलेगा। जो देश और प्रदेश में नाम रोशन कर सकेंगे।पार्षद मनोज चौधरी ने कहा कि रईसपुर गांव में बनाए स्टेडियम में 10 से ज्यादा खेल प्रतियोगिता हो सकेंगी। खिलाड़ी नियमित अभ्यास कर सकेंगे। सीपीडब्ल्यूडी ने इसके निर्माण पर 1.50 करोड़ रुपए खर्च किए हैं। स्टेडियम 27 बीघा जमीन पर तैयार हुआ है। महामाया स्टेडियम के बाद दूसरा बड़ा स्टेडियम बनाया गया है। इस स्टेडियम में संजयनगर, गोविंदपुरम,रईसपुर, फ्रैंड्स कॉलोनी, सदरपुर, हरसांव आदि जगह के खिलाडिय़ों के लिए दूसरा कोई स्टेडियम नहीं था। दो साल पहले रईसपुर गांव के डा. कृष्णवीर चौधरी और पार्षद मनोज चौधरी ने केंद्रीय मंत्री वीके सिंह से मिलकर स्टेडियम की मांग की।इसके बाद उन्होंने स्टेडियम का शिलान्यास किया। स्टेडियम बनकर तैयार हो गया है। स्टेडियम में दौड़,कबड्डी,कुश्ती, भाला फेंक, शूटिंग रेंज, वॉलीबाल,थ्रोबाल, हॉकी, फुटबाल, बैडिमंटन समेत दस खेल हो सकेंगे। खिलाड़ी नियमित अभ्यास कर सकेंगे। उनसे शुल्क नहीं लिया जाएगा। खिलाडिय़ों के लिए कोच रखे जाएंगे। स्टेडियम की देखरेख सीपीडब्ल्यूडी ही करेगा। स्टेडियम के अंदर लाइट लगवाई जाएंगी। निगम स्टेडियम के बाहर प्रकाश व्यवस्था करेगा।
















