नई दिल्ली। युद्धग्रस्त यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों की सकुशल वापसी के लिए भारत सरकार के प्रयासों को बड़ी सफलता मिली है। भारत के आग्रह पर रूस ने यूक्रेन के खारकीव में 6 घंटे तक युद्ध विराम का निर्णय लिया है। इस अवधि में खारकीव से भारतीयों को सुरक्षित निकाल कर यूक्रेन के आस-पास के देशों के बॉर्डर तक पहुंचाया जाएगा। रूस और भारत के बीच यह अह्म समझौता हो गया है। रूस और यूक्रेन के मध्य जंग जारी है। रूस पिछले 8 दिन से यूक्रेन पर निरंतर हमले कर रहा है।
ऐसे में यूक्रेन के विभिन्न हिस्सों में फंसे भारतीय नागरिकों की सकुशल स्वदेश वापसी में परेशानी हो रही है। भारत सरकार यूक्रेन में फंसे भारतीयों को सुरक्षित वापस लाने को हरसंभव प्रयास कर रही है। इसके लिए वायुसेना की मदद भी ली गई है। ताजा खबर यह है कि भारत सरकार और रूस के साथ महत्वपूर्ण समझौता हुआ है। खारकीव में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए रूस 6 घंटे तक युद्ध रोकने को तैयार हो गया है। यह गैप वहां फंसे भारतीयों को सुरक्षित खारकीव से निकाल कर यूक्रेन के नजदीकी देशों के बॉर्डर तक पहुंचाने के लिए लिया गया है।
यूक्रेन के शहर खारकीव में अब भी कई हजार स्टूडेंट्स के फंसे होने की सूचना है। भारतीयों को वहां से निकलने नहीं दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार की रात रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात की थी। इस दौरान पीएम मोदी ने यूक्रेन में फंसे भारतीयों को सुरक्षित निकालने का मुद्दा उठाया था। रूस के राष्ट्रपति ने पीएम को बताया था कि रूस हरसंभव मदद करने को तैयार है। खारकीव में यूक्रेनी सेना भारतीय विद्यार्थियों को मानव ढाल के रूप में इस्तेमाल कर रहे है।
















