विपक्षी पार्टियों पर किसानों को गुमराह करने का आरोप लगाया
मोदी और योगी को किसानों का सच्चा हितैषी बताया
उदय भूमि ब्यूरो
गढ़ुक्तेश्वर।
भाजपाइयों ने कृषि अध्यादेश के विषय में किसानों को जागरूक कर विपक्षी पार्टियों पर किसानों को गुमराह करने का आरोप लगाया। मोदी और योगी को किसानों का सच्चा हितैषी बताया। गढ़ क्षेत्र के गांव दौताई में मंगलवार को ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य वक्ता के तौर पर नगर मंडल अध्यक्ष अंकुर त्यागी ने दावा किया कि देश में पहली बार ऐसा हो रहा है कि केंद्र सरकार किसानों की आर्थिक, मानसिक और सामाजिक स्थिति को सुधारने का कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दृढ़ संकल्प के साथ किसानों के हित में सराहनीय कार्य कर रहे हैं, जिसमें कृषि अध्यादेश 2020 एक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि इस अध्यादेश से किसानों को पैदावार का लाभकारी मूल्य मिलने के साथ ही वे अपनी पैदावार को देश की किसी भी मंडी में किसी भी रोकटोक और कोई अतिरिक्त शुल्क अदा किए बिना बेच सकेंगे। इस अध्यादेश से कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग को भी बढ़ावा मिलेगा, जिसमें किसान खरीदारों से ऑनलाइन ढंग में सीधा संपर्क साध सकेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी पार्टियां किसानों को गुमराह करने को कृषि अध्यादेश के विषय में दुष्प्रचार करने में जुटे हुए हैं, अध्यादेश में ऐसा कोई भी प्रावधान नहीं है, जिससे किसानों का कोई भी अहित हो सके। ग्राम चौपाल की अध्यक्षता शेरसिंह प्रजापति और संचालन नगर महामंत्री गोपाल ठाकुर ने किया। सेक्टर संयोजक मनोज प्रजापति, डॉ. हर्षवर्धन, चंद्रभान, धर्मवीर सिंह, केशव ठाकुर समेत काफी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
















