शराब सप्लाई में कार के बजाय ट्रेन का इस्तेमाल, बिहार और अलीगढ़ के लिए हरियाणा से करते थे तस्करी

गाजियाबाद। जिले में अवैध शराब के कारोबार को पूरी तरह से खत्म करने के लिए आबकारी विभाग लगातार शराब तस्करों के संबंधित ठिकानों पर दबिश एवं वाहनों की चेकिंग कर रही है। जिससे राष्ट्रीय मार्ग पर होने वाले शराब तस्करी को रोका जा सकें। शराब तस्कर अब कार के बजाय ट्रेन का इस्तेमाल करने लगे हैं। ट्रेन में हरियाणा से बिहार और अलीगढ़ में शराब सप्लाई करने वाले दो तस्करों को आबकारी विभाग एवं जीआरपी की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी हरियाणा से शराब लेकर ट्रेन द्वारा अलीगढ़ में शराब तस्करी करते थे। किसी को शक न हो इसके लिए टिकट लेकर चलते थे। सड़क पर आबकारी विभाग का सख्त पहरा होने के चलते तस्करों ने ट्रेन को ही शराब तस्करी का ठिकाना बना लिया है। उत्तर प्रदेश शासन एवं आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश द्वारा दिए गए आदेश के तहत जिलाधिकारी एवं पुलिस आयुक्त के निर्देशन में जिले में प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।

जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया शनिवार को आबकारी निरीक्षक त्रिवेणी प्रसाद मौर्य एवं जीआरपी प्रभारी अनुज मलिक की संयुक्त टीम द्वारा गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग अभियान के दौरान प्लेटफार्म पर ट्रेन के इंतजार में खड़े यात्री और ट्रेन में यात्रियों के सामानों की चेकिंग की गई। इस दौरान प्लेटफार्म नंबर 3 के पास खड़े दो संदिग्धों को चेकिंग के लिए रोका गया। टीम को देख आरोपी भागने लगे। टीम ने पीछा कर कुछ दूरी पर ही गिरफ्तार कर लिया। जब आरोपियों के बैग की तलाशी ली गई तो 12 बोतल रॉयल स्टैग ब्रांड अग्रेंजी और 50 पव्वा फ्रेश मोटा मसालेदार देसी शराब हरियाणा मार्का बरामद किया गया। पकड़े गए तस्करों की पहचान शिवम पुत्र हीरा मुखिया निवासी ग्राम हसनपुरा जनपद समस्तीपुर बिहार और अनस उर्फ असरूल पुत्र नजबी निवासी मोहल्ला मौलाना आजाद नगर लाइनपार जनपद अलीगढ़ के रूप में हुई है। पकड़े गए तस्कर हरियाणा से शराब लेकर बिहार और अलीगढ़ में तस्करी के लिए लेकर जा रहे थे। जिनके खिलाफ जीआरपी में आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया।

झुग्गी-झोपड़ी और कबाड़ के गोदाम में आबकारी विभाग ने मारा छापा
अवैध शराब के धंधे से जुड़े कारोबारियों को जड़ से खत्म करने के लिए आबकारी विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिला आबकारी अधिकारी ने जिले में चल रहे प्रवर्तन अभियान के तहत जिले में बिकने वाली अवैध और जहरीली शराब पर शिकंजा कसने के निर्देश दिए। अवैध और नकली शराब कारोबारियों के खिलाफ मुहिम शुरू हो गई है। प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीमें ताबड़तोड़ दबिश दे रही हैं। ताकि अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों पर कार्रवाई की जा सके। आबकारी विभाग की टीम राजमार्ग, जनपद की सीमा, ढाबा, गांव के साथ-साथ संदिग्ध व्यक्तियों की जांच करने में जुट गई हैं। छापेमारी का काम शुरू भी कर दिया गया है। कई इलाके में अबतक अवैध शराब बरामद भी हो चुकी है।

जिला आबकारी अधिकारी ने बताया शनिवार को जिले में आबकारी निरीक्षक अखिलेश बिहारी वर्मा, मनोज शर्मा, त्रिवेणी प्रसाद मौर्य, अभय सिंह, राकेश त्रिपाठी, अनुज वर्मा एवं हिम्मत सिंह की संयुक्त टीमों द्वारा अवैध शराब का कारोबार करने वालों के संबंधित ठिकानों पर दबिश दी गई। थाना टीला मोड़ व साहिबाबाद अंतर्गत कृष्णा विहार कुटी, पसोंडा, श्याम पार्क, ट्रांसपोर्ट नगर आदि स्थानों पर दबिश दी गई। दबिश के दौरान किसी प्रकार की अवैध मदिरा की बरामदगी नहीं हुई। लोगों को अवैध मदिरा के सेवन से होने वाले दुष्प्रभाव के बारे में जागरूक किया गया। इसी के साथ निर्धारित समय से पूर्व दुकान व उसके आसपास मदिरा की बिक्री ना होने पाए इसको सुनिश्चित करने के लिए दुकान व उसके आसपास निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान भी किसी प्रकार की अवैध मदिरा की बरामदगी नहीं हुई। स्थानीय लोगों से अपील की गई कि किसी प्रकार की अवैध मदिरा की सूचना यदि मिलती है तो तत्काल आबकारी विभाग को सूचित करें। इसी के साथ निर्धारित समय से पूर्व दुकान व उसके आसपास मदिरा की बिक्री न होने पाए इसको सुनिश्चित करने के लिए दुकान व उसके आसपास निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान किसी भी दुकान व उसके आसपास किसी भी प्रकार की मदिरा की बिक्री होते नहीं पाई गई।