डोनाल्ड ट्रंप की निजी जिंदगी में आएगा भूचाल !

पत्नी मेलानिया ट्रंप देंगी तलाक, दावे से सनसनी

वाशिंगटन। डोनाल्ड ट्रंप के लिए साल-2020 वाकई अच्छा नहीं रहा है। पहले वैश्विक महामारी कोविड-19 (कोरोना वायरस) पर अमेरिका में काबू पाने में नाकाम रहने पर उन्हें आलोचनाओं का शिकार होना पड़ा। अब अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है, मगर ट्रंप के लिए मुश्किलों का दौर अभी रूका नहीं है। अब यह खबर आ रही है कि उन्हें पत्नी मेलानिया ट्रंप जल्द तलाक दे सकती हैं। ट्रंप प्रशासन के एक पूर्व सहयोगी ने यह दावा कर एकाएक सनसनी फैला दी है। पूर्व सहयोगी का दावा है कि मेलानिया ट्रंप सिर्फ इंतजार कर रही हैं कि कब ट्रंप ऑफिस से बाहर हों और वह उन्हें तलाक दें। द डेली मेल यूके की रविवार की रिपोर्ट में यह दावा किया गया है। इसके बाद अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप दंपति के रिश्तों पर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। संयुक्त राज्य अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप की वरिष्ठ सलाहकार के तौर पर नियुक्त की गईं उनकी पूर्व सहयोगी स्टेफनी वोल्कॉफ ने यहां तक कहा है कि व्हाइट हाउस में ट्रंप दंपति के बेडरूम भी अलग-अलग थे। उनकी शादी महज एक सौदा थी। उधर, एक अन्य पूर्व सहयोगी ओमारोजा मैनिगॉल्ट न्यूमैन ने दावा किया कि कपल की 15 साल की शादी खत्म हो गई है। उन्होंने कहा कि मेलानिया हर गुजरता मिनट गिन रही हैं कि ट्रंप ऑफिस से बाहर हों और वह उनसे तलाक लें। हालांकि 50 साल की मेलानिया कहती रही हैं कि उनके और डोनाल्ड ट्रंप (74) में मधुर रिश्ते हैं। हालांकि कुछ मौकों पर सार्वजनिक तौर पर ट्रंप दंपति के रिश्तों की बेरूखी साफ देखने को मिली है। बता दें कि डोनाल्ड का अपनी दूसरी पत्नी माला मेपल्स के साथ समझौता हुआ है कि वह उनसे जुड़ी ना कोई पुस्तक प्रकाशित कर सकती हैं और ना कोई इंटरव्यू दे सकती हैं। माना जाता है कि मेलानिया को भी इस प्रकार की चुप्पी साधने के लिए सहमत होना पड़ा है।