प्राथमिकता के आधार पर हो व्यापारियों की समस्या का निस्तारण: इन्द्र विक्रम सिंह

-व्यापार बंधु बैठक से पूर्व ही विभागों ने किया कई शिकायतों का निस्तारण, जिलाधिकारी ने दी शाबाशी
-जिलाधिकारी की अध्यक्षता में व्यापार बंधु की बैठक का आयोजन
गाजियाबाद। जनपद के व्यापारियों की समस्याओं का संबंधित विभाग के अधिकारी प्राथमिकता पर निस्तारण करें। सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने व्यापार बंधु की बैठक करते हुए अधिकारियों को यह दिशा-निर्देश दिए। बैठक में नगर निगम, जीडीए, पुलिस, विद्युत,नगर पालिका परिषद, खाद्य विभाग,वन विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे। बैठक में जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह को व्यापार संगठनों के प्रतिनिधियों ने व्यापारियों की समस्याओं से अवगत कराया। कुछ शिकातयों का बैठक से पूर्व ही विभागों द्वारा निस्तारण किया जा चुका था। इस पर जिलाधिकारी ने उन्हें शाबाशी भी दी। जिलाधिकारी ने बाकी समस्याओं का निस्तारण करने के लिए सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को समय दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि बैठक का उद्देश्य व्यापारियों की समस्याओं का त्वरित कार्रवाई करते हुए निस्तारण करना हैं। अगर व्यापारियों को कोई समस्या है तो वह अपनी समस्याओं से अवगत कराएं। व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता पर तुरंत निस्तारण कराया जाए। जनपद की पहचान उद्योग नगरी की है। जनपद के व्यापारियों को उद्योग के लिए अनुकूल माहौल दिया जाए। बैठक में शुक्र बाजार चौक पर ट्रैफिक लाइट ठीक कराने,मुरादनगर में रावली रोड के पास सुलभ शौचालय का निर्माण,मलिक नगर के पास खुले नाले,जाम के कारण सिहानी गेट से घंटाघर वाले रास्ते पर ई-रिक्शा का संचालन बंद कराने,नवयुग मार्केट में स्ट्रीट लाइट ठीक कराने,सेठ मुकंद लाल इंटर कॉलेज के पास ट्रैफिक व्यवस्था के लिए कट किए जाने मामले बैठक में उठाए गए।
राष्ट्रीय व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने लालकुआं पेट्रोल पंप के सामने से सारे होम्स व मानसरोवर कॉलोनी तक जाने वाली जर्जर सड़क का निर्माण कराए जाने की मांग की गई। जिलाधिकारी ने बैठक में नगर निगम व जीडीए अधिकारियों को निर्देशित किया सड़क का निरीक्षण कर इसका निर्माण कराया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, एडीसीपी ट्रैफिक पीयूष सिंह,राज्य कर विभाग के संयुक्त आयुक्त श्रीराम गौड़, संयुक्त आयुक्त जिलाजीत सिंह, संयुक्त आयुक्त विशाल पुंडीर, उपायुक्त प्रशासन विनय कुमार गौतम एवं व्यापार संगठन से संदीप बंसल, राजीव अग्रवाल, कपिल वत्स, सोनू सैनी, पंडित अशोक भारतीय, उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री अशोक चावला, केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष राजदेव त्यागी, प्रीतम लाल आदि उपस्थित रहे।